पश्चिम बंगाल चुनाव मतगणना के रुझानों में भाजपा की जीत तय देखकर बीजेपी में जश्न का माहौल है. वैसे हर बार चुनावों में कोई न कोई मिठाई चर्चा में होती थी, लेकिन इस बार बंगाल चुनाव में झालमुड़ी को वो मशहूरियत हासिल हुई है. बीजेपी की जीत दिख रही है तो दिल्ली से बंगाल तक माहौल झन्नाटेदार और मसालेदार है.
राजधानी दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में जहां सुबह जलेबी और पूड़ी छनती नजर आई तो वहीं दोपहर तक वहां माहौल रसगुल्ला मय हो गया. दोपहर की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें बीजेपी के बड़े नेता मिलकर झालमुड़ी पार्टी कर रहे हैं. इसके साथ ही वह रसगुल्ला भी खिला रहे हैं. इस आयोजन में बंगाली मिठाई 'मिष्टी दोई' भी शामिल रही, जिसका लोगों ने स्वाद लिया.
इस वीडियो में बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी, राजीव भाटिया और अन्य कई नेता-कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं.
भाजपा के पक्ष में आने से पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी ऐसा ही उत्साह नजर आया. यहां बंगीय समाज की महिलाओं ने गंगा घाट किनारे शंखनाद करके मां गंगा भोलेनाथ की प्रार्थना की और झालमुड़ी खाकर रुझान पर उत्साह दिखाया. साथ ही उम्मीद जताई कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में जीतने वाली है. गंगा घाट के चौसट्टी घाट पर बंगाली समाज की महिलाओं ने झालमुरी से नाश्ता करके अपने दिन की शुरुआत की.
बता दें कि, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे के लिए काउंटिंग जारी है. अब तक रुझानों के मुताबिक, सूबे में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है. बंगाल की 294 में से 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है. बीजेपी ने यहां 190 सीटों का बढ़त बनाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. यह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस से काफी आगे है, जो शुरुआती रुझानों में करीब 100 सीटों के आसपास बनी हुई है.