मिडिल ईस्ट को लेकर ग्लोबल टेंशन फिर हाई पर है. अमेरिका और ईरान के बीच हमलों का सिलसिला शुरू हो गया और होर्मुज स्ट्रेट में रुकावट के साथ ही रॉकेट की रफ्तार से उछलते क्रूड आयल के दाम ने फिर से दुनिया में दहशत पैदा कर दी है. इस बीच सोना-चांदी की कीमतों में भी तगड़ा बदलाव देखने को मिला है. अगर आप Gold-Silver खरीदने या इनमें निवेश करने का प्लान कर रहे हैं, तो पहले इनकी बदली हुई कीमतों पर नजर डालना जरूरी है.
बीते कारोबारी दिन जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बयान दिया और कहा कि उसके साथ शांति वार्ता समय की बर्बादी है. तो इसके साथ ही सीजफायर खत्म हुई और शेयर बाजार में भारी गिरावट आई. गोल्ड-सिल्वर का प्राइस भी तेजी से फिसला था, लेकिन गुरुवार को अचानक सोना-चांदी की चाल बदली नजर आई. गिरावट के साथ लाल निशान पर खुलने के बाद अचानक दोनों कीमती धातुओं के दाम में उछाल आने लगा.
चांदी पहले फिसली, फिर चमकी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर 4 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी का दाम बीते कारोबारी दिन बुधवार को तेज गिरावट लेते हुए 2,23,437 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था और गुरुवार का कमोडिटी मार्केट में ट्रेडिंग की शुरुआत होने पर खुलने के साथ ही ये कीमती धातु गिरकर 2,21,502 रुपये पर आ गई. यानी एक झटके में 1 Kg Silver 1935 रुपये सस्ती हो गई थी. लेकिन घंटेभर के कारोबार के बाद ही चांदी ने पलटी मारी और उछलकर 2.25 लाख के लेवल पर जा पहुंची.
Gold रेट ने भी किया हैरान
चांदी ही नहीं, बल्कि सोने की वायदा कीमत ने भी निवेशकों को हैरान किया है. 5 अगस्त की एक्सपायरी वाली ये कीमती पीली धातु बुधवार को एमसीएक्स पर 1,41,711 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी और गुरुवार को ओपनिंग के साथ फिसलकर1,43,100 रुपये पर आ गई. चांदी की तरह ये भी घंटेभर के कारोबार के बाद ही पलटी मार गई और उछलकर 1,44,356 रुपेय पर जा पहुंची.
घरेलू मार्केट में Gold-Silver का रेट
MCX पर जहां सोना-चांदी की कीमतों में उथल-पुथल मची हुई है, तो वहीं घरेलू मार्केट में भी इनके दाम में चेंज देखने को मिला है. 10 Gram 24 Karat Gold बीते कारोबारी दिन शाम को 1,42,350 रुपये पर क्लोज हुआ था, जो खुलने के साथ ही उछलकर 1,43,372 रुपये पर पहुंच गया. चांदी की कीमत की बात करें, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक, 1 किलो चांदी अपने पिछले बंद 2,21,550 रुपये से बढ़कर 2,23,302 रुपये पर पहुंच गई.
(नोट- सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में निवेश से पहले मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)