पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी पर महंगाई का बम (Petrol-Diesel-CNG Price Hike) एक बार फिर से फूटा है. दिल्ली-NCR में सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया है और अब Delhi CNG Price 83.09 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है. तेल-गैस पर महंगाई की मार लगातार पड़ रही है, जहां बीते 12 दिन में आम आदमी की जेब पर भारी पड़े हैं, क्योंकि चार बार Petrol-Diesel Price Hike किया गया है, तो सीएनजी भी चौथी बार महंगी हुई है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव खत्म होने पर बात न बन पाने और होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से गहराया तेल-गैस संकट अब आम आदमी को झकझोर रहा है.
चार बार में CNG इतनी महंगी
सप्ताह के पहले दिन तेल कंपनियों ने देश में पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल के भाव में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गया. इसके एक दिन बाद ही आईजीएल ने भी सीएनजी यूजर्स पर महंगाई का बम फोड़ दिया. मंगलवार को सुबह 6 बजे से CNG की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है.
ऐसे में महंगाई की मार पर नजर डालें, तो जहां बीते 12 दिन में देश में पेट्रोल-डीजल के दाम 7 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा बढ़ चुके हैं, तो कुल मिलाकर इस अवधि में CNG Price ₹6 प्रति किलो बढ़ा है.
कब-कब बढ़े सीएनजी प्राइस
सीएनजी की कीमतों पर लगातार पड़ रही महंगाई की मार की बात करें, तो बीते दो हफ्ते में इसकी कीमतों में चार बार इजाफा किया जा चुका है. सबसे पहले 15 मई को अटैक हुआ, जब चार साल के बाद अचानक तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया, तो उनके कदम से कदम मिलाकर चलते हुए आईजीएल ने दिल्ली में सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो महंगी कर दी थी. इसके बाद 17 मई को फिर से 1 रुपये का इजाफा किया गया और फिर 23 मई को भी 1 रुपये प्रति किलो सीएनजी महंगी हुई थी. अब 26 मई को चौथी बार दिल्ली में CNG Price 2 रुपये बढ़ा दिया गया है.
Petrol-Diesel भी 4 बार महंगा
देश में तेल कंपनियों ने 15 मई को चार साल बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था और इनकी कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था. इसके बाद 19 मई को फिर फ्यूल बम फूटा और ईंधन की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया. बात यहीं नहीं रुकी और 23 मई को 97 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए. इसके बाद 25 मई को तेल कंपनियों ने चौथी बढ़ोतरी करते हुए पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया. इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 100 रुपये के पार निकल गया और 1 लीटर के लिए 102.12 रुपये खर्च करने पड़ेंगे, जबकि डीजल बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
क्या अभी नहीं मिलेगी राहत?
भारत में ईंधन की कीमतों में जारी लगातार बढ़ोतरी आम आदमी की चिंता बढ़ाने वाली है. दरअसल, इससे परिवहन लागत और घरेलू बजट दोनों पर दबाव पड़ेगा और लोगों को रोजमर्रा के सामानों पर महंगाई का सामना करना पड़ेगा. ग्लोबल एनर्जी मार्केट में जारी अस्थिरता के चलते हाल फिलहाल लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. एक्सपर्ट भी लगातार ये आशंका जता रहे हैं, कि पेट्रोल-डीजल से लेकर सीएनजी तक में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है.
Hormuz ने बिगाड़ा पूरा खेल
भारत ही नहीं तेल-गैस का संकट दुनिया के तमाम देशों में जारी है और वहां भारत की तुलना में ईंधन की कीमतों में कहीं ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली है. इस महंगाई के अटैक के पीछे सबसे बड़ा रोल होर्मुज स्ट्रेट का है, जो दुनिया की कुल खपत के 20 फीसदी तेल-गैस की सप्लाई के लिए जरूरी समुद्री रूट है. अमेरिका और ईरान में शांति समझौते पर बात नहीं बन पाने के कारण ये लगातार बंद है.