भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर ने मुंबई के पॉश इलाके वर्ली में तीन साल के लिए एक आलीशान अपार्टमेंट किराए पर लिया है, जिसका कुल किराया ₹7.14 करोड़ है. स्क्वायरयार्ड्स (SquareYards) द्वारा एक्सेस किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों से यह जानकारी सामने आई है. बता दें कि मुंबई का वर्ली इलाका भारत के सबसे महंगे आवासीय रियल एस्टेट बाजारों में से एक माना जाता है.
यह अपार्टमेंट वर्ली की 'आर्टेशिया' नाम की सोसायटी में स्थित है. दस्तावेजों के मुताबिक, इस फ्लैट का कुल एरिया लगभग 3,875 वर्ग फुट है और इसके साथ चार कारों की पार्किंग स्पेस भी मिली है. यह सौदा 10 जून, 2026 को रजिस्टर किया गया था, जिसके लिए ₹1.84 लाख की स्टांप ड्यूटी और ₹1,000 के रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान किया गया है.
इस लीज की अवधि 36 महीनों की है, इसके तहत पहले साल का मासिक किराया ₹18.50 लाख होगा, जो दूसरे साल करीब 7% बढ़कर ₹19.79 लाख प्रति महीना हो जाएगा. इसके बाद तीसरे साल में यह 7% और बढ़कर ₹21.18 लाख प्रति महीना हो जाएगा. इस हिसाब से, पूरी लीज अवधि के लिए कुल किराये की कीमत ₹7.14 करोड़ बैठती है.
श्रेयस ने कुछ वक्त पहले खरीदी थी प्रॉपर्टी
कुछ समय पहले ही श्रेयस अय्यर ने मुंबई के वर्ली इलाके में ₹2.9 करोड़ में एक कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदी थी. वर्ली अपनी लग्जरी टावरों सी-फेसिंग घरों और बीकेसी (BKC), नरीमन पॉइंट, लोअर परेल और फोर्ट जैसे प्रमुख बिजनेस जिलों के साथ बेहतरीन कनेक्टिविटी के कारण मुंबई के सबसे पसंदीदा रिहायशी बाजारों में से एक बना हुआ है. रिपोर्ट में इस इलाके में हाल ही में हुए एक बड़े सौदे का भी जिक्र किया गया है, जिसके तहत गोदरेज ग्रुप की तान्या दुबाश ने कथित तौर पर वर्ली सी फेस पर करीब ₹300 करोड़ में एक सी-फेसिंग अपार्टमेंट खरीदा है, जिसकी कीमत ₹2.50 लाख प्रति वर्ग फुट से अधिक है.
स्क्वायरयार्ड्स द्वारा बताए गए रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ली सी फेस पर प्रीमियम लग्जरी अपार्टमेंट की कीमत आमतौर पर ₹80,000 से ₹1 लाख प्रति वर्ग फुट के बीच होती है, जबकि सबसे खास और एक्सक्लूसिव घरों की कीमत ₹2.80 लाख प्रति वर्ग फुट या उससे भी अधिक तक जा सकती है.
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में घर का किराया ₹3.10 लाख महीना, लोग बोले मुंबई से सस्ता है