scorecardresearch
 

Airbnb में चेकआउट से पहले नहीं धोने होंगे बर्तन, कचरा फेंकने से भी राहत

Airbnb की नई पॉलिसी का उद्देश्य इसी तरह की परेशानियों को कम करना और मेहमानों के लिए ठहरने के अनुभव को अधिक सुविधाजनक बनाना है.

Advertisement
X
अब होस्ट नहीं दे सकेंगे सफाई के सख्त निर्देश (Photo-ITG)
अब होस्ट नहीं दे सकेंगे सफाई के सख्त निर्देश (Photo-ITG)

Airbnb में ठहरने के बाद चेकआउट के समय क्या बर्तन धोना जरूरी है? क्या बेडशीट हटाकर रखनी होगी या कचरा बाहर फेंकना पड़ेगा? इन सवालों को लेकर मेहमानों की परेशानी अब कम हो सकती है. Airbnb अपनी हाउस रूल्स पॉलिसी में बदलाव कर रहा है, जिसके तहत होस्ट मेहमानों से सफाई के ऐसे काम नहीं करवा सकेंगे, जिन्हें आमतौर पर क्लीनर करते हैं.

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, Airbnb के नए नियम 20 नवंबर या उसके बाद बुक किए जाने वाले सभी रिजर्वेशन पर लागू होंगे. इन नियमों का मकसद मेहमानों के लिए चेकआउट की प्रक्रिया आसान बनाना और घर के मालिकों की ओर से रखी जाने वाली शर्तों को स्पष्ट करना है.

सफाई के पैसे देने पर मेहमानों से नहीं करवा सकेंगे ये काम

Airbnb की वेबसाइट पर प्रकाशित नए दिशा निर्देशों के मुताबिक, होस्ट आमतौर पर मेहमानों से ऐसे काम करने के लिए नहीं कह सकेंगे, जिनमें काफी समय या मेहनत लगती है या जो सामान्य तौर पर क्लीनर करते हैं. इसमें बेडशीट और बिस्तर की चादरें हटाना, कचरे को घर से बाहर ले जाकर फेंकना और बर्तन धोकर उन्हें वापस उनकी जगह पर रखना जैसे काम शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: सोने के सिक्के से स्मार्ट होम तक, फेस्टिव सीजन में बिल्डर्स ने खोला ऑफर्स का पिटारा

Advertisement

यह नियम खास तौर पर उन मेहमानों के लिए महत्वपूर्ण है, जो बुकिंग के दौरान पहले से ही सफाई का शुल्क यानी क्लीनिंग फीस देते हैं. ऐसे में उनसे चेकआउट से पहले सफाई के बड़े काम करवाना उचित नहीं माना जाएगा. Airbnb ने BBC को बताया कि उसके प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों ने शिकायत की थी कि घर के नियमों को समझना और उनका पालन करना कई बार मुश्किल हो जाता है.

कंपनी के मुताबिक, हाउस रूल्स का उद्देश्य मेहमानों को यह बताना है कि घर के मालिक उनसे क्या उम्मीद करते हैं. लेकिन कई बार ये नियम उलझाऊ और जरूरत से ज्यादा सख्त हो जाते हैं. इसलिए इन्हें आसान और स्पष्ट बनाने के लिए बदलाव किए जा रहे हैं.

होस्ट कुछ शर्तें अब भी रख सकेंगे

नए नियमों का यह मतलब नहीं है कि घर के मालिक मेहमानों से कोई भी अनुरोध नहीं कर सकेंगे. Airbnb के मुताबिक, होस्ट सात तय मानक नियम रख सकेंगे. इसके अलावा वे कुछ अन्य उचित शर्तें भी जोड़ सकेंगे.

कुछ विशेष परिस्थितियों में अतिरिक्त अनुरोधों की अनुमति भी दी जा सकती है. उदाहरण के लिए, अगर किसी इलाके में सूखे के कारण पानी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा है, तो मेहमानों से कम समय तक नहाने का अनुरोध किया जा सकता है. कंपनी घर के नियमों को मेहमानों के लिए अधिक स्पष्ट भी बनाएगी. अब ये नियम बुकिंग से जुड़े रिमाइंडर में भी दिखाई देंगे, ताकि मेहमानों को पहले से पता रहे कि उन्हें किन बातों का ध्यान रखना है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: लाखों के फ्लैट, सड़कों पर रेंगती गाड़ियां...नोएडा एक्सटेंशन के 'महाजाम' का अंत कब

होस्ट नहीं लगा सकेंगे मनमाना जुर्माना

Airbnb ने अनुबंधों को लेकर भी कुछ सीमाएं तय की हैं. होस्ट मेहमानों से अलग अनुबंध केवल सीमित परिस्थितियों में ही कर सकेंगे, जैसे कि जब कानून या हाउसिंग एसोसिएशन के नियम इसकी मांग करते हों. हालांकि, घर के मालिक अपने घर के नियम तय कर सकेंगे, लेकिन वे उनका उल्लंघन करने पर मनमाना जुर्माना नहीं लगा पाएंगे. अगर किसी होस्ट की शर्त Airbnb की पॉलिसी के खिलाफ पाई जाती है, तो इस मामले को चिह्नित किया जाएगा. अगर होस्ट इस फैसले से सहमत नहीं है, तो वह इसके खिलाफ अपील कर सकेगा.

सोशल मीडिया पर भी उठ चुका है मुद्दा

Airbnb में ठहरने वाले मेहमान लंबे समय से शिकायत करते रहे हैं कि चेकआउट से पहले उनसे जरूरत से ज्यादा सफाई करवाई जाती है. खासकर तब, जब वे बुकिंग के साथ क्लीनिंग फीस भी देते हैं. यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा है.

यह भी पढ़ें: यूपी में 1,226 करोड़ के 15 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, इस शहर में बनेगा सबसे ज्यादा फ्लैट

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement