जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बिहार की सियासत में अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं. इस बीच उन्होंने दावा किया है कि बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में उनकी पार्टी पटना ग्रेजुएट और टीचर- दोनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में शानदार जीत दर्ज करेगी.
प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने नवादा पहुंचे थे. इस चुनाव में पटना ग्रेजुएट सीट से अनुज सिंह और पटना टीचर निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति जन सुराज के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं.
उन्होंने इस दौरान कहा कि इन दोनों सीटों पर जन सुराज की जीत से पूरे बिहार के जनप्रतिनिधियों को एक बड़ा मैसेज जाएगा. इससे राजनेता ये समझ जाएंगे कि अब जनता उनके कामकाज के आधार पर उन्हें जवाबदेह बनाएगी.
'10,000 रुपये के लालच में वोट नहीं बेचेंगे'
प्रशांत किशोर ने कहा, 'जन सुराज पार्टी पटना की दोनों सीटें जीतेगी. मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वो राज्य में बदलाव की इस बयार को और मजबूत करें. विधान परिषद के इन चुनावों में राज्य के सबसे पढ़े-लिखे मतदाता वोट डालते हैं, और मुझे पूरा भरोसा है कि वो 10,000 रुपये के लालच में अपने वोट को नहीं बेचेंगे.'
प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से बदलाव के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने टीचरों के बेहतर वेतन और उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ग्रेजुएटों के लिए रोजगार के नए मौकों को अपनी पार्टी का असल एजेंडा बताया.
बांकीपुर MLA ने आगे कहा, 'बांकीपुर से शुरू हुए बदलाव को मजबूत करना उनकी जिम्मेदारी है. सम्राट चौधरी को बिहार से हटाने के लिए वोट करें.'
बता दें कि जन सुराज पार्टी विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है. इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी.
यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान
कौन कर सकता है मतदान?
नियमों के मुताबिक, वो ग्रेजुएट वोटर इस चुनाव में वोट डाल सकते हैं, जिन्होंने क्वालिफाई डेट से कम से कम तीन साल पहले किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल की हो और जो संबंधित क्षेत्र के सामान्य निवासी हों. इसके अलावा, माध्यमिक स्कूलों से नीचे के स्तर के मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में कम से कम तीन साल का अनुभव रखने वाले टीचर ही शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान कर सकते हैं. बशर्ते उन्होंने वोटर लिस्ट में अपना रजिस्ट्रेशन कराया हो.