scorecardresearch
 

प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा समेत कई नेता BJP में शामिल

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के कई नेता, जिनमें केसी सिन्हा, रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह, गोपाल सिंह और ब्रज किशोर सिन्हा शामिल हैं, बीजेपी में शामिल हो गए. बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर बढ़ते भरोसे का नतीजा बताया, जबकि नेताओं ने जन सुराज में दिशा और नेतृत्व की कमी का आरोप लगाया. 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव से पहले इस घटनाक्रम को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

Advertisement
X
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है. File Photo ITG
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है. File Photo ITG

बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. बुधवार को पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. इनमें पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार भी शामिल हैं.

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना में इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई. बीजेपी में शामिल होने वालों में प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा, कुम्हरार सीट से जन सुराज के उम्मीदवार रहे रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह, दीघा सीट से चुनाव लड़ चुके नेता, मनेर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार रहे गोपाल सिंह और जन सुराज किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ब्रज किशोर सिन्हा शामिल हैं.

30 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव है
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब 30 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है. इस चुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा से होगा. ऐसे में चुनाव से ठीक पहले नेताओं का पार्टी छोड़कर बीजेपी में जाना जन सुराज के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

Advertisement

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और बीजेपी के कामकाज से प्रभावित होकर देशभर के विपक्षी दलों के नेता लगातार पार्टी में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि नए नेताओं के आने से बिहार में बीजेपी का संगठन और मजबूत होगा.

केसी सिन्हा ने दिया ये तर्क
प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा ने बीजेपी में शामिल होने के बाद कहा कि मौजूदा समय में देशहित सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में तनाव और युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं, इसलिए केंद्र सरकार को मजबूत करना जरूरी है ताकि भारत की आवाज वैश्विक स्तर पर और प्रभावी हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने की दिशा में काम करने की जरूरत है और इसी उद्देश्य से उन्होंने बीजेपी का साथ चुना है.

भावनाओं में बहकर जनसुराज में गए
वहीं रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह ने जन सुराज में जाने के अपने फैसले को जल्दबाजी में लिया गया निर्णय बताया. उन्होंने कहा कि वह भावनाओं में बहकर उस पार्टी में चले गए थे और अब इसके लिए माफी मांगते हैं. उन्होंने कहा कि अब वह जीवनभर बीजेपी के साथ रहेंगे और अपनी प्रतिबद्धता जताने के लिए फिल्म का मशहूर गीत "जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां" भी दोहराया.

Advertisement

गोपाल सिंह ने बीजेपी में वापसी को "घर वापसी" बताया
मनेर से चुनाव लड़ चुके गोपाल सिंह ने बीजेपी में वापसी को "घर वापसी" बताया. उन्होंने कहा कि वह 1990 के दशक में भी बीजेपी से जुड़े रहे हैं. जन सुराज में रहने के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां कोई स्पष्ट सोच या दिशा नहीं है, सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अहंकारी व्यक्ति कभी किसी संगठन को सफलतापूर्वक नहीं चला सकता, इसलिए उन्होंने दोबारा बीजेपी का दामन थामने का फैसला किया.

बांकीपुर उपचुनाव से पहले हुए इस घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जन सुराज के इन नेताओं के बीजेपी में शामिल होने का असर चुनावी मुकाबले पर कितना पड़ता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement