बिहार के कटिहार जिले में 9 वर्षीय नाबालिग बच्ची की गला रेतकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. बच्ची का शव घर से लापता होने के एक दिन बाद पास के मक्के के खेत से बरामद हुआ. घटना कोलासी थाना क्षेत्र के संदलपुर गांव की है. परिजन बच्ची को कल से तलाश रहे थे. शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जानकारी में जो कारण सामने आया, वह चौंकाने वाला है. स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव का ही 13 वर्षीय एक नाबालिग बालक सुलोशन नशे का आदी हो गया था और रोज नशा करता था. बताया गया कि 9 वर्षीय बच्ची ने उसकी इस आदत की शिकायत उसके अभिभावकों से कर दी थी, जिसके बाद बालक के परिजनों ने उसकी पिटाई की थी.
यह भी पढ़ें: कटिहार: प्रेमिका के iPhone को बचाने के लिए 6 फिट गंदे नाले में कूद गया प्रेमी
शिकायत से नाराज होकर की हत्या
ग्रामीणों का मानना है कि इसी शिकायत से आक्रोशित होकर आरोपी नाबालिग ने बच्ची की हत्या की साजिश रची. बताया गया कि खेत जाने के दौरान उसने धारदार हथियार से बच्ची का गला रेत दिया और शव को मक्के के खेत में फेंक दिया. घटना के बाद से बच्ची के परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन अगले दिन खेत में शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर मामले का उद्भेदन करते हुए हत्या के आरोप में 13 वर्षीय नाबालिग को विधि विरुद्ध कार्य के आरोप में डिटेन कर लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है.
पुलिस जांच जारी, आरोपी अभिरक्षा में
स्थानीय मोहम्मद असलम ने बताया कि आरोपी बालक नशे का आदी था और बच्ची द्वारा की गई शिकायत के बाद उसके परिजनों ने उसकी पिटाई की थी. उनका कहना है कि इसी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया होगा.
कोढ़ा अनुमंडल के डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता नाबालिग बच्ची की तेजधार हथियार से हत्या की गई थी. उन्होंने कहा कि हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है और आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.