scorecardresearch
 

'जाति पूछकर गोली... क्या कॉमन सेंस है?', तेजस्वी के 'सिलेक्टेड एनकाउंटर' के आरोप पर सम्राट चौधरी का करारा तंज

बिहार में एनकाउंटर पर सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव के बीच जुबानी जंग. सम्राट ने कहा- जाति पूछकर गोली चलाएं पुलिस वाले. समस्तीपुर में मुठभेड़ और भागलपुर में अपराधी ने गंगा में फेंका हथियार...

Advertisement
X
तेजस्वी के आंकड़ों पर सम्राट चौधरी का 48 घंटे वाला अल्टीमेटम.(Photo:Screengrab)
तेजस्वी के आंकड़ों पर सम्राट चौधरी का 48 घंटे वाला अल्टीमेटम.(Photo:Screengrab)

बिहार में पिछले छह महीनों में बदली सत्ता की समीकरणों के बीच अब अपराध और पुलिसिया कार्रवाई पर बहस शुरू हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल का एक महीना पूरा होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरा. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का एनकाउंटर उनकी 'जाति' पूछकर किया जा रहा है.

इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेहद व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, "आजकल कुछ लोग अजीब सवाल पूछ रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस एनकाउंटर करे तो पहले जाति पूछे. मैं तो पुलिस वालों से कहूंगा- भाई, पूछ लो! जाति पूछकर ही गोली चलाइए, ऐसे मत चलाइए. आखिर लोग किस तरह का कॉमन सेंस इस्तेमाल कर रहे हैं? बिहार के लिए सबसे महत्वपूर्ण सुशासन है."

सम्राट चौधरी ने पुलिस को खुली छूट देते हुए साफ किया कि अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है, तो उसका जवाब 48 घंटे के भीतर मिल जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि पुलिस शक्ति और सुशासन के लिए होती है, और इसमें किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. देखें VIDEO:- 

'इलेक्टेड नहीं, सिलेक्टेड हैं मुख्यमंत्री'
इससे पहले तेजस्वी यादव ने आंकड़ों के साथ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि बिहार में गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है. तेजस्वी ने पिछले कुछ महीनों में महिलाओं के साथ हुए बलात्कार और अन्य अपराधों की सूची पेश की.

Advertisement

तेजस्वी ने कहा, "बिहार में अपराधी 'सम्राट' और 'विजय' हो गए हैं. मुख्यमंत्री महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार पर संवेदनशील नहीं हैं."

जाति का सवाल
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि सरकार विशेष जाति देखकर एनकाउंटर करवा रही है. उन्होंने चुनौती दी कि बलात्कार करने वालों का एनकाउंटर कब होगा?

समस्तीपुर में मुठभेड़ और भागलपुर में खौफ
एक तरफ पटना में सियासी बयानबाजी चल रही है, वहीं दूसरी तरफ बिहार पुलिस 'यूपी मॉडल' की तर्ज पर एक्शन में दिख रही है.

1. समस्तीपुर एनकाउंटर 
समस्तीपुर के उजियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. स्पेशल टीम की घेराबंदी देख बदमाश प्रिंस ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी. घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. SP अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि यह गिरोह जिले में लूट और हत्या की घटनाओं में शामिल था.

2. भागलपुर: गंगा में 'शस्त्र विसर्जन'
भागलपुर से एक और अनोखा वीडियो वायरल हुआ है, जो अपराधियों के बीच पुलिस के खौफ को बयां कर रहा है. कैलाश मंडल नाम का एक अपराधी, जो गेरुआ गमछा ओढ़े हुए था, बीच गंगा में नाव पर सवार होकर अपना देशी कट्टा नदी में प्रवाहित करता दिखा. उसने कैमरे पर कसम खाई कि वह अब कभी हथियार नहीं उठाएगा. इसे 'ऑपरेशन लंगड़ा' के डर के रूप में देखा जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement