बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार यानी 14 अप्रैल को पटना स्थित मुख्य सचिवालय में अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे और इसी दिन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे पटना स्थित मुख्य सचिवालय में अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की करेंगे. सूत्रों का कहना है कि सचिवालय में होने वाली इस अंतिम कैबिनेट बैठक में कुछ महत्वपूर्ण औपचारिक फैसले लिए जा सकते हैं. इस्तीफे से पहले महापुरुषों को सम्मान देने की ये उनकी पुरानी परंपरा रही है, जिसे वे इस बार भी दोहराएंगे.
बताया जा रहा है कि कैबिनेट की आखिरी बैठक खत्म होने के तुरंत बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप देंगे. इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के चेहरे यानी विधानमंडल दल के नेता का चयन होगा. नए नेता का चुनाव होने के बाद एनडीए की ओर से विधिवत रूप से राज्यपाल को सूचना दी जाएगी.
सूत्रों की मानें तो बिहार को बुधवार 15 अप्रैल को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा. नए सीएम के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के भी शपथ लेने की संभावना है. बिहार में इस बड़े नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी उत्सुकता है. नीतीश कुमार के जाने के बाद प्रदेश में सत्ता का नया समीकरण किस तरह काम करेगा, इस पर सबकी नजरें जमी हैं.
वहीं, रविवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के उनके सरकारी आवास पहुंचे थे, जहां जेडीयू के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे.