देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक लेकर आ रही है. कंपनी 3 जून को अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल टू-व्हीलर लॉन्च करेगी. इस इवेंट में रोड ट्रांसपोर्ट और हाईवे मिनिस्टर नितिन गडकरी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कार्यक्रम में पेट्रोलियम और नैचुरल गैस मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी भी शामिल होंगे.
हीरो मोटोकॉर्प ऐसे वक्त पर इस बाइक को लॉन्च कर रहा है, जब देश भर में फ्लेक्स फ्यूल पर चर्चा हो रही है. सरकार ने हाल में ही एक नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसमें पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा बढ़ाने पर इंडस्ट्री के सुझाव मांगे गए हैं. इसके बाद से ही देश में फ्लेक्स फ्यूल की चर्चा हो रही है.
फ्लेक्स फ्यूल पर काम करने वाली बाइक या कार आपकी सामान्य गाड़ी की तरह ही होते हैं. इसमें अंतर सिर्फ इंजन का होता है. जहां मौजूदा गाड़ियों में मिलने वाला इंजन पेट्रोल या फिर डीजल का इस्तेमाल कर पावर जनरेट करता है. वहीं फ्लेक्स फ्यूल में भी इंटरनल कंबस्चन इंजन मिलता है, जो पेट्रोल और इथेनॉल के ब्लेंड पर काम कर सकता है.
यह भी पढ़ें: Tata Motors की बड़ी तैयारी, आ रही है पहली Flex Fuel कार, जल्द हो सकती है लॉन्च
ये इंजन E85 फ्यूल पर चल सकते हैं, जिसमें 85 फीसदी इथेनॉल और 15 फीसदी पेट्रोल होता है. फिलहाल भारतीय बाजार में E20 पेट्रोल मिल रहा है. हालांकि, सरकार का टार्गेट E100 पर चलने वाले वाहनों तक पहुंचना है. इससे ये होगा कि आपकी गाड़ी कम ब्लेंड वाले पेट्रोल पर और ज्यादा ब्लेंड वाले फ्यूल पर भी चल सकेगी.
हीरो ने ये नहीं बताया है कि उनकी पहली फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल कौन-सी होगी. रिपोर्ट्स की मानें, तो कंपनी स्प्लेंडर या एचएफ डीलक्स पर बेस्ड किसी बाइक को इस खूबी के साथ लॉन्च कर सकती है.
यह भी पढ़ें: Maruti ला रही Flex Fuel कार? अब पेट्रोल के भाव नहीं बढ़ाएंगे टेंशन
चूंकि ये नेमप्लेट्स कंपनी के पोर्टफोलियो में काफी पॉपुलर हैं, तो ब्रांड इनमें से किसी को चुन सकता है. इसके अलावा कंपनी ने भारत मोबिलिटी एक्सपो 2025 में जो फ्लेक्स फ्यूल बाइक दिखाई थी, वो भी एचएफ डीलक्स पर ही बेस्ड थी.
फिलहाल भारत में सिर्फ सुजुकी की जिक्सर एसएफ 250 (Gixxer SF 250) ही ऐसी बाइक है, जो फ्लेक्स फ्यूल पर चल सकती है. ये बाइक 249 सीसी के सिंगल सिलेंडर इंजन के साथ आती है. इसकी कीमत 1.98 लाख रुपये एक्स शोरूम है. होंडा ने भी फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली CB300F को भारत में लॉन्च किया था, लेकिन इसे बाद में डिस्कंटीन्यू कर दिया गया.