E20 Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अपना आंदोलन खत्म कर दिया है. लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर एक नया नाम तेजी से वायरल हो रहा है. नाम है- E20 जनता पार्टी (E20 Janta Party). यह कोई चुनाव लड़ने वाली राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि E20 पेट्रोल के खिलाफ शुरू हुआ एक ऑनलाइन कैंपेन है. देखते ही देखते इसके समर्थन में लाखों लोग जुड़ने लगे और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई. सवाल उठ रहा है कि आखिर इस 'ई20 जनता पार्टी' के पीछे कौन लोग हैं, इसकी मांग क्या है.
क्या है E20 जनता पार्टी?
E20 जनता पार्टी को ऑर्गनाइजेशन या रजिस्टर्ड पार्टी नहीं है. ये एक सोशल मीडिया पर बनाया है हैंडल है. जो 'X' और इंस्टाग्राम पर तेजी से मशहूर हो रहा है. ये पार्टी खुद को आम वाहन चालकों की आवाज बताती है. ये एक तरह का डिजिटल कैंपेन है जो उन लोगों द्वारा शुरू किया गया है, जो मानते हैं कि देशभर में E20 पेट्रोल को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्राहकों के पास 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल (इथेनॉल-फ्री पेट्रोल) खरीदने का विकल्प भी होना चाहिए. उनका कहना है कि सरकार अगर E20 उपलब्ध कराना चाहती है तो करे, लेकिन बिना इथेनॉल वाला पेट्रोल भी पंपों पर मिलना चाहिए ताकि फैसला ग्राहक खुद कर सके.
यह भी पढें: हार्ट अटैक दे रहा E20 पेट्रोल! इथेनॉल ब्लेंडिंग पर बोले एक्टर
सोशल मीडिया पर बाकायदा इसके लिए एक हैंडल बनाया गया है. जिस पर E20 पेट्रोल को लेकर लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं और यूजर्स तेजी से इस कैंपेन से जुड़ रहे हैं. हैंडल द्वारा किए गए एक पोस्ट में लिखा गया है कि, "हमारी गाड़ियां कोई टेस्ट मशीन नहीं हैं. हमने इन्हें अपनी मेहनत की कमाई से खरीदा है. टैक्स भी पहले ही चुका दिया है."
पोस्ट में लिखा गया है कि, "भारत एक मध्यम वर्ग का देश है. यहां करोड़ों लोगों के लिए गाड़ी सिर्फ शौक नहीं, बल्कि रोज़गार और रोज़मर्रा की ज़िंदगी का सहारा है. ऐसे में फ्यूल की बचत और इंजन की परफॉर्मेंस सीधे जेब पर असर डालती है. फिर सवाल उठता है कि जब वाहन निर्माता अपनी गाड़ी के लिए जिस फ्यूल के इस्तेमाल की बात करता है, तो उस के बजाय आम लोगों के वाहनों के इंजन पर नए प्रयोग क्यों किए जाएं?"
क्या है मांग?
E20 जनता पार्टी की सबसे बड़ी मांग यह है कि देश के हर पेट्रोल पंप पर E20 के साथ 100% शुद्ध पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाए. इस सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट के अनुसार, किसी सब्सिडी, फ्री फ्यूल या इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल को बंद करने की मांग नहीं कर रहे हैं. वे सिर्फ इतना चाहते हैं कि ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से पेट्रोल चुनने का अधिकार मिले.
किसने बनाई E20 जनता पार्टी, क्या है पॉलिटिकल कनेक्शन?
E20 जनता पार्टी के हैंडल द्वारा एक पोस्ट में कहा गया है कि, "ये एक इंडिपेंडेंट सिटिजन कैंपेन है. जिसका उद्देश्य सिर्फ उन मुद्दों को उठाना है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी से जुड़े हैं. हमारी एकमात्र प्राथमिकता पारदर्शिता सुनिश्चित करना, उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और भारत की E20 (20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल) पॉलिसी के वास्तविक असर पर खुली और निष्पक्ष सार्वजनिक चर्चा को बढ़ावा देना है."
यह भी पढें: 7 गुना तेज इलाज... ड्रोन पहुंचाएंगे ब्लड और ऑर्गन, बदलेगा हेल्थकेयर सिस्टम
पोस्ट में आगे कहा गया है कि, "हम किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन या प्रचार नहीं करते. हमारा समर्थन सिर्फ देश के नागरिकों और उनके अधिकारों के साथ है, किसी राजनीतिक विचारधारा के साथ नहीं. इस अभियान के पीछे कौन है या इसे कहां से संचालित किया जा रहा है, जैसी अफवाहों और अटकलों में उलझने के बजाय असली मुद्दे पर ध्यान देना जरूरी है. ऐसी बातें केवल लोगों का ध्यान मूल सवालों से भटकाती हैं."
"हमारी मांग बिल्कुल साफ है. जवाबदेही हो. फ्यूल पॉलिसी और उसके इम्पैक्ट को लेकर पूरी पारदर्शिता हो. और देश के उपभोक्ताओं की आवाज सुनी जाए, ताकि उनकी राय और कंसर्न को भी बराबर महत्व मिले."
कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ता नाम
E20 पेट्रोल को लेकर शुरू हुए इस डिजिटल कैंपेन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से भी जोड़कर देखा जा रहा है. क्योंकि ई20 जनता पार्टी की शुरुआत भी कुछ इसी अंदाज में हुई है. सोशल मीडिया पर E20 फ्यूल को लेकर तमाम मीम्स, व्यंग और शिकायत भरे पोस्ट इस हैंडल द्वारा किए जा रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में कुछ ऐसे ही हुई थी, जो एक सटायर कैंपेन के तौर पर शुरू हुआ था, लेकिन आगे चलकर NEET पेपर लीक मामले को लेकर देश की राजधानी में ये कैंपेन एक बड़े आंदोलन में बदल गया. जिसका नतीजा रहा कि, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा.
बढ़ते फॉलोवर्स
E20 जनता पार्टी के इस सोशल मीडिया हैंडल से तेजी से लोग जुड़ रहे हैं. बीते कल इसके 'X' हैंडल पर तकरीबन 13,000 से ज्यादा फॉलोवर थे जो आज ख़बर लिखे जाने तक बढ़कर तकरीबन 45 हजार से ज्यादा हो चुका है. सबसे बड़ा उछाल इंस्टाग्राम पर देखने को मिल रहा है. कल तक इसके इंस्टा हैंडल पर 8,800 फॉलोवर थें, जो अब तक बढ़कर 1.44 लाख तक पहुंच चुके हैं.
फिलहाल कहानी क्या ये है कि, E20 जनता पार्टी अभी एक सोशल मीडिया बेस्ड डिजिटल कैंपेन है, कोई रजिस्टर्ड संगठन या राजनीतिक दल नहीं. इसकी सबसे बड़ी मांग सिर्फ एक है, देश के पेट्रोल पंपों पर E20 के साथ-साथ 100 प्रतिशत इथेनॉल-फ्री पेट्रोल खरीदने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाए. आने वाले दिनों में यह अभियान कितना बड़ा बनता है और सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी.