भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में 22 अक्टूबर (गुरुवार) को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर 5 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है.
इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सधी हुई शुरुआत की. टिम सीफर्ट और फिन एलन के बीच पहले विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई. न्यूजीलैंड का पहला विकेट 49 रनों पर गिरा.
टिम सीफर्ट 24 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, फिन एलन ने 45 रनों की पारी खेली. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 40 गेंदों में नाबाद 82* रनों की धमाकेदार पारी खेली. ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स के बीच 32 गेंदों में 72 रनों की साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन बनाए.
टीम इंडिया की ओर से लगभग 4 साल बाद टीम में वापसी कर रहे भुवनेशवर कुमार गेंदबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए. भुवनेशवर नें 4 ओवर में 49 रन दिए और एक भी सफलता नहीं मिली. वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह को 1-1 विकेट मिले.
यह भी पढ़ें: कैच पकड़कर जश्न मनाने लगे नीतीश रेड्डी, फिर याद आई फ्री हिट, VIDEO
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही. पावरप्ले में भारत ने 6 ओवर में 94 रन बनाए. भारत का पहला विकेट 93 रनों पर गिरा. अभिषेक शर्मा 3 छक्के और 2 चौकों की मदद से 12 गेंदों में 29 रन बनाकर ब्रेसवेल की गेंद पर आउट हुए. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 35 गेंदों पर 93 रनों की साझेदारी हुई.
115 रनों के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा. संजू सैमसन 33 गेंदों पर 67 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. संजू ने अपनी पारी में 4 छक्के और 8 चौके जड़े. तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा बल्ले से खास कमाल नहीं कर पाए और महज 6 रन बनाकर आउट हो गए.
तिलक के आउट होने के बाद क्रीज पर आए ईशान किशन भी महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल के बीच 24 गेंदों पर 45 रनों की अहम पार्टनरशिप हुई.
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने खेला अतरंगी शॉट, इरफान पठान भी रह गए हैरान, VIDEO
अक्षर पटेल ने 14 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली. 19वें ओवर में श्रेयस अय्यर 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर एडम मिल्ने का शिकार हो गए. अंत में नमन धीर की 15 गेंदों में नाबाद 42* रनों की पारी नें टीम इंडिया को 4 विकेट से जीत दिला दी. न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में माइकल ब्रेसवेल और मिचेल सेंटनर ने 2-2 विकेट झटके.
यह T20I में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा सफल रन-चेज भी है. इससे पहले 2018 में ऑकलैंड में ऑस्ट्रेलिया ने 244 रन का सफल पीछा किया था. टी20 इंटरनेशनल में ये भारत का सबसे सफल रन-चेज रहा.
संजू सैमसन को उनके इस दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब मिला. सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 अक्टूबर (शनिवार) को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा.
टी20I में भारत के लिए सबसे बड़े सफल रनचेज
226 बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च, 2026
209 बनाम ऑस्ट्रेलिया, विशाखापत्तनम, 2023
209 बनाम न्यूजीलैंड, रायपुर, 2026
208 बनाम वेस्टइंडीज, हैदराबाद, 2019
207 बनाम श्रीलंका, मोहाली, 2009
204 बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड, 2020
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क