पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर कई दिग्गज नेता और चर्चित चेहरे शामिल किए गए हैं, जो राज्यभर में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे.
बीजेपी की इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इसके अलावा धर्मेंद्र प्रधान, योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह चौहान, देवेंद्र फडणवीस और हिमंत बिस्वा सरमा भी चुनावी मैदान में उतरकर पार्टी के लिए प्रचार करेंगे.
पार्टी ने इस बार चुनाव प्रचार में फिल्म और खेल जगत के चर्चित चेहरों को भी शामिल किया है. एक्टर मिथुन चक्रवर्ती, हेमा मालिनी और कंगना रनौत के साथ-साथ टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और गायक-राजनेता मनोज तिवारी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है.
इसके अलावा स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अश्विनी वैष्णव, अन्नपूर्णा देवी, अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, बिप्लब कुमार देब, मंगल पांडेय और सम्राट चौधरी जैसे नेता भी सूची में शामिल हैं.
राज्य स्तर पर सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राजू बिस्ता, जयंत कृष्ण रॉय और मनोज टिग्गा को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है.
बीजेपी का मानना है कि इन दिग्गज नेताओं और लोकप्रिय चेहरों के जरिए पार्टी राज्य में मजबूत चुनावी अभियान चलाएगी और मतदाताओं तक अपनी नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाएगी. आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है और स्टार प्रचारकों के जरिए माहौल अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम कर रही है.
कब है पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 दो चरणों में कराया जाएगा. पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की 29 अप्रैल को होगी. इसके बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी. उल्लेखनीय है कि 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त हो रहा है. चुनाव से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण तिथियां, जैसे अधिसूचना जारी होना, नामांकन प्रक्रिया, मतदान और मतगणना, निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूरी की जाएंगी.
पीयूष मिश्रा