इजरायल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रही एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली. इसके बाद प्लेन की बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान में 51 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे. घटना रविवार शाम की है. धमकी मिलने के बाद बुल्गारिया की वायुसेना के लड़ाकू विमान ने फ्लाइट को सुरक्षा दी. प्लेन के सोफिया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
रोमानिया की सीमा के पास मिली धमकी
बुल्गारिया के परिवहन और संचार मंत्रालय के मुताबिक, प्लेन जब रोमानिया की सीमा के पास था, तभी चालक दल को बम की धमकी मिलने का संकेत मिला. इसके बाद प्लेन के चालक दल ने सोफिया में उतरने का फैसला किया. विमान एयरबस A320 था और तेल अवीव से वियना जा रहा था.
मंत्रालय ने बताया कि तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत वायुसेना का एक फाइटर जेट उड़ान भरकर प्लेन के साथ गया. उसने सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग होने तक फ्लाइट को सुरक्षा दी. फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, विमान ने रात 9 बजकर 8 मिनट UTC पर लैंडिंग की. ब्रिटेन के समय के अनुसार उस वक्त रात 10 बजकर 8 मिनट हो रहे थे.
यह भी पढ़ें: 'फ्लाइट में बम है...', अहमदाबाद-हैदराबाद प्लेन में 12 साल की बच्ची ने किया प्रैंक, मचा हड़कंप
प्लेन के उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया. धमकी की जानकारी मिलने पर बुल्गारिया के संबंधित विभागों ने कार्रवाई शुरू कर दी. परिवहन मंत्रालय ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बनाया गया है. संबंधित एजेंसियां विमान और उससे जुड़ी जानकारी की जांच कर रही हैं.
बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि एयरबस A320 को बम की धमकी मिलने के बाद फाइटर जेट भेजे गए थे. हालांकि, अभी तक यह नहीं बताया गया है कि धमकी किसने दी थी और इसके पीछे क्या वजह थी.
जांच में जुटीं एजेंसियां
बुल्गारिया के सरकारी टेलीविजन बीएनटी ने परिवहन मंत्रालय के बयान के हवाले से बताया कि घटना की जांच जारी है. विमानन कंपनी का नाम भी सार्वजनिक नहीं किया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी है कि प्लेन की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु मिली या नहीं.
यह भी पढ़ें: '9/11 हमले से प्रेरित था ओमानी को-पायलट, इजरायल में क्रैश कराना चाहता था प्लेन', UAE ने बताई पूरी साजिश
फिलहाल यात्रियों औरफ्लाइट क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को सोफिया में उतारा गया. जांच एजेंसियां धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं. जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि यह धमकी कितनी गंभीर थी और इसके पीछे कौन था.