scorecardresearch
 

अमेरिका-ईरान में कब होगा समझौता? एक हफ्ते में दूसरी बार तहरान पहुंचे PAK के गृह मंत्री नकवी

मोहसिन नकवी की यह यात्रा ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई बातचीत को फिर से शुरू कराने के लिए सक्रिय मध्यस्थता की कोशिशों में जुटा हुआ है. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध के खतरे के बीच इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है.

Advertisement
X
मोहसिन नकवी ने 17 मई को ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान से मुलाकात की थी. (Photo- REUTERS)
मोहसिन नकवी ने 17 मई को ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान से मुलाकात की थी. (Photo- REUTERS)

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं. उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई बातचीत को फिर से शुरू कराने के लिए सक्रिय मध्यस्थता की कोशिशों में जुटा हुआ है. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध के खतरे के बीच इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है.

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहसिन नकवी तेहरान में ईरानी नेतृत्व के साथ अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर चर्चा करेंगे. जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस्लामाबाद लगातार वॉशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभा रहा है और नकवी की यात्रा उसी प्रयास का हिस्सा है.

ईरान के सरकारी मीडिया ने भी इस दौरे की पुष्टि की है. ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान के गृह मंत्री तेहरान पहुंचे हैं और यह यात्रा अमेरिका-ईरान वार्ता को आगे बढ़ाने की इस्लामाबाद की कोशिशों के बीच हो रही है. वहीं सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने भी इस्लामाबाद के कूटनीतिक सूत्रों के हवाले से बताया कि नकवी ईरानी अधिकारियों से अहम बातचीत करेंगे.

हालांकि पाकिस्तान सरकार की ओर से इस यात्रा पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. पाकिस्तान आमतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता से जुड़े अपने कूटनीतिक प्रयासों पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से बचता रहा है.

Advertisement

बता दें कि यह एक हफ्ते के भीतर मोहसिन नकवी की दूसरी ईरान यात्रा है. इससे पहले उन्होंने तेहरान में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, विदेश मंत्री अब्बास अराघची, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बघेर गलीबाफ और गृह मंत्री सिकंदर मौमनी से मुलाकात की थी. उस दौरान भी अमेरिका-ईरान वार्ता मुख्य मुद्दा रही थी.

इस बीच अमेरिका और ईरान की ओर से मिले-जुले संकेत सामने आ रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ तो कुछ ही दिनों में हमले फिर शुरू हो सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि खाड़ी देशों के नेताओं ने अंतिम समय में उनसे हमला रोकने की अपील की थी.

दूसरी ओर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि यदि युद्ध दोबारा शुरू हुआ तो इसके परिणाम पहले से कहीं अधिक चौंकाने वाले होंगे. वहीं ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी कहा कि ईरान पर किसी भी नए हमले से संघर्ष पश्चिम एशिया की सीमाओं से बहुत आगे तक फैल सकता है.

इस तनावपूर्ण माहौल के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने वार्ता में प्रगति के संकेत दिए हैं. व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement