अमेरिका में पकड़े गए कुख्यात और मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाई से जुड़ी एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. हिमांशु भाऊ के साथ हरियाणा का एक और कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया भी अमेरिका में पकड़ा गया है. नीरज पर दिल्ली-हरियाणा और पंजाब में हत्या, रंगदारी जैसे 25 से ज्यादा मामले दर्ज हैं.
साल 2024 में दिल्ली के आया नगर में 70 से ज्यादा गोलियां मरवा कर एक शख्स की हत्या में इसका काम सामने आया था, वहीं साल 2019 में फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था. यूट्यूबर एल्विश यादव के घर फायरिंग में भी नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया था. हरियाणा पुलिस ने इसके ऊपर इनाम रखा हुआ है और नीरज भी हिमांशु भाऊ के साथ गैंग ऑपरेट करता है.
रंगदारी, मारपीट जैसे कई मामले दर्ज
हिमांशु भाऊ के साथ अमेरिका में पकड़े गए नीरज फरीदपुरिया का आपराधिक इतिहास रहा है. नीरज के खिलाफ रंगदारी, मारपीट, अवैध वसूली और संगठित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया, दोनों के घरों पर छापेमारी भी कर चुकी है.
नीरज फरीदपुरिया को साल 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद वह जेल में बंद था. साल 2015 में उसे हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. हालांकि, 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से उसे जमानत मिल गई थी. जमानत मिलने के बाद नीरज विदेश भाग गया था.
भारतीय जांच एजेंसियों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया दोनों अमेरिका में एक साथ रह रहे थे. दोनों को अमेरिका में एक साथ पकड़ा गया है.
बता दें कि कुख्यात इंटरनेशनल गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को FBI ने अमेरिका में पकड़ा है. उसके खिलाफ 2023 में इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. हिमांशु भाऊ NIA, दिल्ली पुलिस और हरियाणा STF की हिट लिस्ट में भी था. दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, फिरौती और हथियार तस्करी के मामले दर्ज हैं. हिमांशु भाऊ पर 20-30 गोलियां चलवाकर हत्याकांड को अंजाम दिलाने के आरोप हैं.
साल 2022 में 24 घंटे के अंदर हरियाणा में तीन हत्याएं करवाकर वह चर्चा में आया था. हिमांशु का नाम हिमांशु उर्फ भाऊ रिटोलिया बताया जाता है. वह हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला है. उसका जन्म 2002 में हुआ था. वह 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में आया था. साल 2020 में वह हिसार बाल सुधार गृह से 20 लड़कों के साथ फरार हो गया था. हरियाणा में उसके खिलाफ 20-24 से ज्यादा मामले बताए जाते हैं. इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, फिरौती और हथियार तस्करी के मामले शामिल हैं.