अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले गुरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गुरदीप (28) न्यूयॉर्क में पिज्जा डिलीवरी का काम करता था. घटना के समय भी वह पिज्जा पहुंचाने निकला था. इसी दौरान एक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी.
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरदीप करीब 13 साल पहले अमेरिका गया था. उसने विदेश जाने के लिए भारी कर्ज लिया था. उसका सपना बेहतर कमाई करना था. वह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था.
अमेरिका पहुंचने के बाद भी उसकी मुश्किलें कम नहीं हुईं. परिवार के मुताबिक उसने लंबे समय तक संघर्ष किया. वह दिन-रात मेहनत करता था.
लूट की कोशिश के दौरान गोली चलने का दावा
परिवार के अनुसार गुरदीप न्यूयॉर्क के रिचमंड स्ट्रीट इलाके में पिज्जा डिलीवर कर रहा था. इसी दौरान लूट की कोशिश के दौरान एक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने उसे गोली मार दी. हालांकि पुलिस की जांच में घटना की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार गुरदीप को ईस्ट न्यूयॉर्क इलाके में स्टेनली एवेन्यू के पास गोली मारी गई. घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुई. पुलिस मौके पर पहुंची तो गुरदीप के सीने में गोली लगी थी. पैरामेडिक्स ने उसे अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सीबीएस न्यूज के अनुसार आसपास लगे निगरानी कैमरे में घटना से पहले दो लोगों के बीच लड़ाई दिखाई देती है. इसके बाद रोशनी की एक चमक नजर आती है. इसे गोली चलने की घटना माना जा रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर गिरता दिखता है. दूसरा व्यक्ति कार में बैठकर वहां से फरार हो जाता है.
पुलिस ने शनिवार सुबह तक इलाके में सबूत जुटाए. अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या के पीछे की सही वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: गुजरात के व्यापारी की अमेरिका में सरेआम गोली मारकर हत्या, बेटी के सामने पिता को मारा
परिवार ने शव भारत लाने की मांग की
गुरदीप की मौत की खबर से कपूरथला के जाब्बोवाल गांव में रहने वाला परिवार सदमे में है. गुरदीप के पिता प्यारा लाल बेटे की मौत की खबर सुनकर भावुक हैं. उन्होंने बताया कि गुरदीप ने बेहतर भविष्य के लिए भारी कर्ज लेकर अमेरिका जाने का फैसला किया था.
परिवार ने पंजाब और भारत सरकार से गुरदीप का शव जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने की अपील की है. परिवार ने अमेरिका की सरकार से भी आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है. उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की है.
गुरदीप अविवाहित था. उसके पिता और भाई परिवार की मदद के लिए डीजे का काम करते हैं. गुरदीप भी मेहनत करके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करना चाहता था. लेकिन अमेरिका में हुई इस घटना ने परिवार की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है.
यह भी पढ़ें: थाने के गेट पर गोली चलाई, हथियार लहराकर भागे... पुलिस ने 12 KM पीछा किया और तीनों को पकड़ लिया
अमेरिका में रहने वाले नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन ने भी गुरदीप की मौत पर दुख जताया है. संगठन ने जांच एजेंसियों से हत्या की सही वजह पता लगाने की मांग की है. संगठन ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले घटना के मकसद को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए. फिलहाल न्यूयॉर्क पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.