मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध के बीच गाजा पट्टी, लेबनान और तेहरान में हमले जारी है. गाजा में हुए इजरायली हवाई हमलों में एक गर्भवती महिला, दो बच्चों और आठ पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम 12 फिलिस्तीनियों की जान चली गई. वहीं, लेबनान में भी मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है.
तेहरान समेत ईरान के अलग-अलग शहरों में इजरायल के हमले जारी हैं. इजरायल लेबनान में भी लगातार हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बना रहा है.
मध्य गाजा के नुसेरात शरणार्थी शिविर में रविवार सुबह एक घर पर इजरायली मिसाइल गिरी. अल-अक्सा शहीद अस्पताल के मुताबिक, इस हमले में 30 साल के एक कपल और उनके 10 साल के बेटे की मौत हो गई. अस्पताल ने बताया कि महिला जुड़वा बच्चों के साथ गर्भवती थी.
पड़ोस में रहने वाले महमूद अल-मुहतसेब ने बताया, 'हम सो रहे थे और अचानक मिसाइल हमले से हमारी नींद खुली. हमला बहुत जोरदार था और इससे पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी.'
पुलिस की गाड़ी को बनाया निशाना
रविवार दोपहर को एक दूसरे इजरायली हमला मध्य गाजा के जवेदा कस्बे के एंट्री गेट हुआ जिसकी चपेट में एक पुलिस की गाड़ी आ गई. हमास संचालित आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक, इस हमले में आठ पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई. मरने वालों में मध्य गाजा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर्नल इयाद अब यूसुफ भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: लेबनान को गाजा बनाने पर जुटा इजरायल, ताबड़तोड़ हमलों से दहल गया हिज़्बुल्लाह, पढ़ें दुश्मनी की पूरी कहानी
सीजफायर के बावजूद जारी है मौत का सिलसिला
अक्तूबर में हुए सीजफायर के बाद गाजा की सड़कों पर पुलिस फिर से दिखने लगी थी, लेकिन हमले नहीं रुके हैं. गाजा स्वास्थ्य अधिकारियों की मानें तो सीजफायर के बावजूद इजरायली हमलों में अब तक 650 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं.
इजरायल का कहना है कि वो सीजफायर के उल्लंघन का जवाब दे रहा है, जबकि गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मरने वालों में लगभग आधी महिलाएं और बच्चे हैं. 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इस युद्ध में अब तक कुल 72,200 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं.
रफाह क्रॉसिंग को लेकर अहम घोषणा
इन सबके बीच एक राहत भरी खबर ये है कि इजरायल बुधवार से मिस्र के साथ लगती रफाह क्रॉसिंग को फिर से खोलने की अनुमति देगा. करीब दो हफ्ते से बंद ये क्रॉसिंग अब सीमित यात्री यातायात के लिए खुलेगी. हालांकि, इसके जरिए किसी भी तरह के कार्गो को ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
लेबनान में 850 तक पहुंचा मौतों का आंकड़ा
लेबनान में भी स्थिति बेहद तनावपूर्ण है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या 850 हो गई है. रविवार रात बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में एक बड़ा विस्फोट सुना गया, जिसके बाद वहां धुएं और आग की लपटें देखी गईं.
यह भी पढ़ें: इजरायली बमबारी से कांपा लेबनान, पेड़-पौधे-मकान सब तबाह... देखें Ground Report
लेबनान 2 मार्च को इस युद्ध में तब शामिल हुआ था जब हिजबुल्ला ने ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या का बदला लेने के लिए इजरायल पर फायरिंग शुरू की थी. इजरायल की जवाबी कार्रवाई में अब तक 8 लाख से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं.