इजरायली सेना (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं. पिछले 12 दिनों की जंग में अब तक 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 1500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. अशरफ वानी ने दक्षिणी लेबनान के अल-अंसारिया से रिपोर्ट दी है, जहां बुधवार को 40 ठिकानों पर हमला हुआ. इस संघर्ष के कारण 7 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं.
श्वेता सिंह इजरायल-लेबनान सीमा से रिपोर्टिंग कर रही हैं और वे यह करने वाली पहली पत्रकार बनी हैं.
वहीं, आशुतोष मिश्रा ने दुबई से बताया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए सप्लाई चेन रुकने से यूएई के बड़े उद्योग और अजमल परफ्यूम जैसे ब्रांड भारी आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं.
इज़रायल बॉर्डर पर हलचल...
आजतक की रिपोर्टर श्वेता सिंह इजरायल और लेबनान सीमा पर मौजूद कटीली बाड़ (फेंस) से पल-पल की अपडेट दे रही हैं. वे उत्तरी इजरायल के सीमावर्ती क्षेत्र किर्याद शिमोना पहुंचीं, जहां उन्होंने पूर्व आईडीएफ सदस्य और स्थानीय निवासी माइकल वोकेन से सीमा के हालातों पर खास बातचीत की. उत्तरी इजरायल में युद्ध की आहट और बॉर्डर पर बढ़ती हलचल साफ देखी जा सकती है.
यह भी पढ़ें: डिप्लोमेटिक क्वार्टर को निशाना बनाने की कोशिश, सऊदी अरब की राजधानी पर ईरान का हमला
लेबनान में तबाही और दुबई में आर्थिक संकट
दक्षिणी लेबनान में आईडीएफ की बमबारी ने भारी तबाही मचाई है, जिससे लाखों लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हैं. दूसरी तरफ, जंग का असर अब दुबई के बड़े बिजनेस पर भी दिखने लगा है. दुबई की सबसे बड़ी परफ्यूम बनाने वाली कंपनी अजमल इंडस्ट्री भी हॉरमुट्ज़ के ज़रिए सप्लाई चेन ब्लॉक होने की वजह से प्रभावित हुई है.
अजमल परफ्यूम्स के सीईओ अब्दुल्ला अजमल ने बताया कि होर्मुज का रास्ता ब्लॉक होने से सप्लाई बाधित है. अगर जंग लंबी खिंची तो यूएई को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.