ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी पर कड़ा पलटवार किया है. उन्होंने वाशिंगटन को ईरान के साथ एक और सैन्य टकराव से बचने की चेतावनी दी है. अराघची ने कहा कि पिछली बार जब अमेरिका ने ईरान को 'काम पूरा करने' (यानी काम तमाम करने) की धमकी दी थी, तब ईरान और मजबूत होकर उभरा था.
अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'पिछली बार जब आपने 'काम पूरा करने' की कोशिश की थी तो ईरान और भी मजबूत होकर उभरा. क्या आप फिर से अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं? आइए. लेकिन सावधान रहें, हमारे भी कुछ काम अधूरे पड़े हैं.'
ईरानी विदेश मंत्री ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि नेतन्याहू अपने खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जेल जाने से बचने के लिए अमेरिका को एक और जंग में घसीटने की कोशिश कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: भारत-चीन पर यूरोपीय देशों से प्रतिबंध लगवाना चाहता था अमेरिका, ट्रंप के वित्त मंत्री ने ही खोल दी पोल
अराघची ने चेतावनी दी इस कदम के गंभीर परिणाम हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि नेतन्याहू खुद बचने के लिए अमेरिका को एक और युद्ध की ओर धकेल रहे हैं भले ही इसके नतीजे कुछ भी हों.
अरागची की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब 27 अक्टूबर को होने वाले इज़रायली संसदीय चुनावों से पहले ट्रम्प ने नेतन्याहू का समर्थन किया है. साथ ही, उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर इजरायली मतदाता चुनाव में किसी और नेता को चुनते हैं तो अमेरिका मामलों को अपने हाथ में ले सकता है. ट्रंप ने ईरान पर दशकों से इजरायल और अमेरिका को धमकाने का आरोप लगाया है.
उन्होंने 'इज़राइल मुर्दाबाद, अमेरिका मुर्दाबाद' जैसे नारों का जिक्र किया. ट्रंप ने दावा किया कि ईरान को सैन्य और आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया गया है. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान अपना रवैया नहीं बदलेगा तो अमेरिका जल्द ही इस काम को पूरा कर देगा.