अमेरिका-ईरान तनाव के बीच अचानक रुख बदलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने का ऐलान कर दिया है, जिससे कूटनीति के लिए संभावित रास्ता खुलता नजर आ रहा है. सीजफायर पर अमेरिका और ईरान दोनों सहमत हुए हैं, साथ ही इजरायल भी हमले रोकने पर राजी हुआ है. ये सीजफायर फिलहाल दो हफ्ते के लिए लागू होगा. आगे की बातचीत पाकिस्तान में होगी.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि, “मैं दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को स्थगित करने पर सहमत हूं,” और इसे व्यापक युद्धविराम की दिशा में एक कदम बताया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया, जिन्होंने प्रस्तावित हमलों को टालने की अपील की थी. ट्रंप ने यह भी साफ किया कि यह रोक सशर्त है, ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलना होगा, जिसे उन्होंने तनाव कम करने के लिए जरूरी कदम बताया.
यह भी पढ़ें: सीज़फायर पर बनी बात, "सीज़फायर पर बनी बात, जानिए ईरान के भेजे 10-Points प्रस्ताव में क्या है
उन्होंने लिखा, “यह एक दोतरफा युद्धविराम होगा,” यानी इन दो हफ्तों की अवधि में दोनों पक्षों से पीछे हटने की उम्मीद की जा रही है.
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि सैन्य लक्ष्य पहले ही हासिल किए जा चुके हैं और तेहरान के साथ बातचीत निर्णायक मोड़ के करीब है.
ट्रंप ने कहा, “हम अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को हासिल कर चुके हैं, बल्कि उन्हें पार भी कर चुके हैं, और दीर्घकालिक शांति को लेकर एक ठोस समझौते की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं.”
उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वॉशिंगटन को ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का प्रस्ताव मिला है, जिसे उन्होंने बातचीत के लिए एक व्यवहारिक आधार बताया. ट्रंप के मुताबिक, ज्यादातर अहम मुद्दों पर पहले ही सहमति बन चुकी है.
यह भी पढ़ें: US-Israel-Iran War LIVE: ट्रंप ने होर्मुज खुलने की शर्त पर सीजफायर का किया ऐलान, 10 अप्रैल को पाकिस्तान में होगी बातचीत
दो हफ्तों के युद्ध विराम से मिलेगी मदद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दो हफ्तों का यह युद्धविराम दोनों पक्षों को समझौते को अंतिम रूप देने का मौका देगा, और संकेत दिया कि लंबे समय से चल रहा यह संघर्ष अब समाधान के करीब हो सकता है.
गौरतलब है कि ट्रंप का ये ऐलान उनके द्वारा सेट डेडलाइन खत्म होने से कुछ ही मिनटों पहले आया है. ट्रंप ने कल रात धमकी दी थी कि ईरान की पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी. ट्रंप के इस बयान को परमाणु हमले की धमकी के रूप में देखा जा रहा था. इस बयान की अमेरिका में भी काफी आलोचना हुई थी. लेकिन अचानक इस बदले हुए हालात से दुनिया को राहत मिली है. लेकिन देखना होगा कि पाकिस्तान में होने वाली बातचीत कैसे आगे बढ़ती है और अमेरिका-ईरान किन बातों पर सहमत हो पाते हैं.
व्हाइट हाउस का आया बयान
ईरान के साथ सीजफायर के ऐलान पर व्हाइट हाउस का भी बयान आ गया है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि बातचीत जारी रहेगी. लेविट ने कहा कि प्रेसिडेंट ट्रंप का बयान ही आगे की दिशा तय करेगा.
बातचीत का आधार क्या होगा राष्ट्रपति के रूख से तय होगा. लेविट ने कहा कि सच ये है कि हमारे राष्ट्रपति और हमारी पावरफुल सेना ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने को राजी किया है और अब आगे की बातचीत जारी रहेगी.