scorecardresearch
 

नेशनल ट्रायल से पहले रहस्यमय ढंग से गायब हुई 15 साल की राइफल शूटर, स्टेशन पर मिला आखिरी सुराग

हावड़ा की 15 वर्षीय प्रतिभाशाली राइफल शूटर दमयंती सेन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं. वह घर से सामान खरीदने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. उन्हें आखिरी बार हावड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया. राष्ट्रीय टीम के ट्रायल की तैयारी कर रही दमयंती के गायब होने से परिवार और खेल जगत में चिंता है.

Advertisement
X
नेशनल ट्रायल से पहले लापता हुई राइफल शूटर दमयंती सेन. (Photo: ITG)
नेशनल ट्रायल से पहले लापता हुई राइफल शूटर दमयंती सेन. (Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल के हावड़ा से एक चिंताजनक मामला सामने आया है. 15 वर्षीय प्रतिभाशाली राइफल शूटर दमयंती सेन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं. राष्ट्रीय टीम के ट्रायल की तैयारी कर रही दमयंती के अचानक गायब होने से परिवार, रिश्तेदारों और खेल जगत में चिंता का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और विभिन्न संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है.

दमयंती सेन मध्य हावड़ा के 30/2, उमाचरण भट्टाचार्य लेन की रहने वाली हैं. परिजनों के अनुसार, वह बुधवार सुबह घर से पास की दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए निकली थीं. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला.

परिवार की तरफ से की गई तलाश और जुटाई गई जानकारी के अनुसार, दमयंती को आखिरी बार हावड़ा रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर देखा गया था. इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला. यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों को भी जांच के दायरे में लिया है.

राष्ट्रीय टीम के ट्रायल की कर रही थीं तैयारी

दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने बताया कि उनकी बेटी शूटिंग की प्रतिभाशाली खिलाड़ी है. उसे राष्ट्रीय टीम के ट्रायल में हिस्सा लेने का अवसर मिला था और वह लगातार इसकी तैयारी कर रही थी. उन्होंने बताया कि दमयंती ने शूटिंग में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है और वह रोज सुबह नियमित अभ्यास करती थी.

Advertisement

परिजनों के मुताबिक, दमयंती बीती रात जल्दी सो गई थीं. सुबह घर से निकलते समय वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थीं. परिवार का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद, तनाव या ऐसी कोई स्थिति नहीं थी, जिससे उसके अचानक घर छोड़ने की आशंका हो. यही वजह है कि उसका रहस्यमय तरीके से गायब होना परिवार की चिंता बढ़ा रहा है.

परिवार और साथी खिलाड़ी परेशान

दमयंती के अचानक लापता होने के बाद परिवार के सभी सदस्य लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं. रिश्तेदारों और उसके साथी खिलाड़ियों में भी चिंता का माहौल है. परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दमयंती के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचना दें.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद हावड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. हावड़ा सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मिसिंग डायरी मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है. जहां-जहां से कोई सुराग मिल रहा है, वहां पुलिस टीम पहुंचकर जांच और छानबीन कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement