scorecardresearch
 

UP में कहीं सूखा तो कहीं झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने फिर जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मॉनसून की चाल इस बार असमान बनी हुई है. जहां कुछ जिलों में बारिश की कमी से सूखे जैसे हालात हैं, वहीं कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
X
आगरा, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश गायब (Photo-PTI)
आगरा, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश गायब (Photo-PTI)

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला. पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में जहां बारिश की कमी बनी रही, वहीं पूर्वी यूपी के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गोरखपुर में 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 85.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को 4.9 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 10.1 मिमी है. वहीं पश्चिमी यूपी में सिर्फ 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि यहां सामान्य बारिश 7.2 मिमी होनी चाहिए थी. इससे पश्चिमी यूपी में बारिश की भारी कमी बनी हुई है.

राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी का असर जारी रहा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था. मुरादाबाद और हमीरपुर 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे.

हालांकि, बारिश वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई. गोरखपुर में भारी बारिश के बाद अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा. कई जिलों में आर्द्रता का स्तर भी काफी अधिक रहा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा.

Advertisement

IMD ने बताया कि 16 जुलाई तक प्रदेश में किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं है, लेकिन 17 से 19 जुलाई के बीच पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी में 18 और 19 जुलाई को तेज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement