केंद्रीय मंत्री और RLD प्रमुख जयंत चौधरी को कथित तौर पर एक अनजान कॉलर से जान से मारने की धमकी मिली है. मामला सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा की समीक्षा की गई और इस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. शिकायत में दावा किया गया है कि कुछ दिन पहले एक सफेद कार, जिसके शीशे काले थे, घर के पास काफी देर तक खड़ी रही. उसमें बैठे लोग इलाके की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे.
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि कॉलर का पता पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में चला है. अधिकारियों ने बताया कि जयंत चौधरी को 18 मार्च को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा फोन आया था.
तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में चौधरी की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, कॉलर ने मंत्री को जान से मारने की धमकी दी और MP5 जैसी बंदूकों का ज़िक्र किया. शिकायत में कहा गया है कि कॉलर ने मंत्री से यह भी पूछा कि क्या उन्होंने उसके भेजे गए कुछ दस्तावेज़ देखे हैं, और फोन काटने से पहले उन्हें बार-बार धमकी दी.
कॉल के बाद मैसेज से धमकी
अधिकारियों ने बताया कि उसी नंबर से बाद में मिले मैसेज में मंत्री के 'दौरा कार्यक्रम' की रूपरेखा पर धमकी भरी बातें लिखी हुई थीं. मैसेज में जगह की जानकारी और धमकी को दोहराने वाले वॉइस नोट भी शामिल थे. आगे की बातचीत के दौरान, कॉलर ने दावा किया कि यह जानकारी 'ऊपर से भेजी गई' थी, जिससे चिंता और बढ़ गई.
शिकायत में कहा गया है कि कॉल डिटेल्स, मैसेज और स्क्रीनशॉट सहित सभी संबंधित सबूत पुलिस के साथ साझा किए गए हैं. शिकायत में चौधरी के आवास के पास संदिग्ध गतिविधियों का भी ज़िक्र किया गया है, जिसमें अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर निगरानी करना भी शामिल है.
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, कॉलर की पहचान मोहम्मद इस्माइल के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है. उसे पकड़ने और धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं.