scorecardresearch
 

सहारनपुर: सुनसान इलाके में मिली जली हुई ऑल्टो, अंदर था राख बना शव, क्या है मिस्ट्री?

सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र में अमरपुर के जंगलों में एक जली हुई ऑल्टो कार के अंदर युवक का झुलसा हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई. एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और वाहन मालिक को ट्रेस कर लिया गया है. पुलिस हत्या और हादसे, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है.

Advertisement
X
 जली हुई कार में मिला शव (Photo- ITG)
जली हुई कार में मिला शव (Photo- ITG)

यूपी के सहारनपुर में एक युवक का ऑल्टो कार के अंदर से जला हुआ शव बरामद हुआ है. कार सुनसान इलाके में खड़ी थी. आसपास कोई मौजूद नहीं था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया. जांच-पड़ताल की जा रही है. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है. 

पूरा मामला थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में काली नदी चौकी के अंतर्गत चौरा खुर्द और अमरपुर के जंगलों का है. यहां एक ऑल्टो कार के अंदर युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. जंगल के सुनसान इलाके में खड़ी जली कार और उसके भीतर मिला शव कई सवाल खड़े कर रहा है.

मौके पर पहुंचे एसएसपी अभिनंदन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम ने कार के भीतर और आसपास से अहम साक्ष्य जुटाए हैं. बताया जा रहा है कि शव पूरी तरह झुलसा हुआ है, जिससे पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है. पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन स्वामी को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अब हर एंगल से जांच में जुटी है.

Advertisement

आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर जलाया गया या वारदात इसी जंगल में अंजाम दी गई. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय जंगल क्षेत्र में हलचल बेहद कम रहती है, जिससे बिना किसी की नजर में आए घटना को अंजाम देना संभव हो सकता है.

एसएसपी ने बताया कि सुबह जली हुई गाड़ी की सूचना मिली थी. फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचने पर कार के अंदर पूरी तरह जली हुई डेड बॉडी मिली. वाहन के ऑनर को ट्रेस कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा है या फिर जानबूझकर की गई हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. 

---- समाप्त ----

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement