scorecardresearch
 

‘मुझे मर जाने दो’, राखी सावंत के शो में ‘नपुंसक’ कहने के बाद मां से ऐसा कहता था लक्ष्मण, परिवार को अब न्याय की उम्मीद

झांसी के लक्ष्मण अहिरवार की मौत के मामले में कोर्ट ने फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है. 2010 में ‘राखी का इंसाफ’ शो में लक्ष्मण को नपुंसक कहे जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने और मौत का मामला सामने आया था. लक्ष्मण के मामा बलवीर ने कहा कि उन्हें कोर्ट पर भरोसा है और अब न्याय मिलने की उम्मीद है.

Advertisement
X
राखी सावंत के शो में बेइज्जती के बाद टूट गया था लक्ष्मण.  (Photo: Screengrab)
राखी सावंत के शो में बेइज्जती के बाद टूट गया था लक्ष्मण. (Photo: Screengrab)

फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ झांसी के लक्ष्मण अहिरवार की मौत के मामले में कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है. करीब 16 साल पुराने इस मामले में लक्ष्मण के परिवार को अब न्याय की उम्मीद जगी है. मृतक के मामा बलवीर ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में न्याय मिलेगा और दोषी को सजा दी जाएगी. यह मामला साल 2010 में प्रसारित होने वाले टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ से जुड़ा है. उस समय एनडीटीवी इमेजिन पर आने वाले इस शो में राखी सावंत ने लक्ष्मण अहिरवार को नपुंसक कहकर अपमानित किया था. शो का प्रसारण होने के बाद लक्ष्मण की हालत बिगड़ने लगी थी. परिवार का आरोप था कि इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा और आखिरकार उसकी मौत हो गई.

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टोरिया मोहल्ले में रहने वाला लक्ष्मण अहिरवार सब्जी का ठेला लगाता था. उसकी शादी राजगढ़ निवासी अनीता से 19 फरवरी 2010 को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. इसके बाद अनीता अपने मायके में रहने लगी. अनीता ने आरोप लगाया था कि उसके पति के एक रिश्तेदार की नीयत ठीक नहीं थी. उसने इस बारे में लक्ष्मण से शिकायत भी की थी, लेकिन उसके मुताबिक लक्ष्मण ने इस मामले पर ध्यान नहीं दिया. अनीता ने यह भी आरोप लगाया था कि लक्ष्मण शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. इसी वजह से वह मायके चली गई थी.

शादी के सात महीने बाद विवाद, पत्नी ने लगाए थे आरोप

शादी के महज सात महीने के भीतर पति-पत्नी के बीच हुआ यह विवाद बाद में टीवी शो तक पहुंच गया. दोनों को अपनी बात रखने के लिए ‘राखी का इंसाफ’ में बुलाया गया था. साल 2010 में लक्ष्मण अहिरवार अपनी मां सावित्री, मामी पूजा और मामा बलवीर के साथ मुंबई पहुंचा था. वहां सितंबर महीने में शो की शूटिंग हुई थी. इस दौरान शो की होस्ट राखी सावंत ने लक्ष्मण को नपुंसक कहकर अपमानित किया था. शो का प्रसारण 23 अक्टूबर 2010 को हुआ था.

Advertisement

परिवार के मुताबिक, शो प्रसारित होने के बाद लक्ष्मण की जिंदगी में बड़ा बदलाव आ गया. वह रात में सो नहीं पाता था और खाना भी नहीं खाता था. उसकी मां सावित्री जब उसे खाना खाने के लिए कहती थीं, तो वह शो में हुई बेइज्जती का जिक्र करता था. लक्ष्मण अपनी मां से कहता था कि राखी सावंत ने उसका जीवन समाप्त कर दिया है. वह अब जीना नहीं चाहता और उसे मर जाने दिया जाए. परिवार का कहना था कि शो के बाद वह लगातार तनाव में रहने लगा था. हालत बिगड़ी तो मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती लक्ष्मण की हालत बिगड़ने पर परिवार ने उसे 9 नवंबर 2010 को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था. हालांकि, अगले ही दिन यानी 10 नवंबर को उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग की.

लक्ष्मण की मां सावित्री की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने, षड्यंत्र में शामिल होने और गाली-गलौज करने के आरोप में केस दर्ज किया था. इस मामले में परिवार ने लक्ष्मण की मौत के लिए शो में हुई घटना को जिम्मेदार ठहराया था. इस लंबे कानूनी मामले के दौरान लक्ष्मण की मां सावित्री की भी मौत हो गई. ऐसे में परिवार के लिए यह मामला केवल कानूनी लड़ाई नहीं, बल्कि अपने बेटे को न्याय दिलाने की उम्मीद से भी जुड़ा रहा.

Advertisement

16 साल बाद वारंट जारी होने से जगी न्याय की उम्मीद

मामला न्यायालय पहुंचा और लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया चलती रही. अब झांसी कोर्ट ने फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है. इस कार्रवाई के बाद लक्ष्मण के मामा बलवीर ने अपनी प्रतिक्रिया दी. बलवीर ने कहा कि उन्हें कोर्ट पर भरोसा है. वारंट जारी होने के बाद उनके मन में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है. वह चाहते हैं कि इस मामले में दोषी को सजा मिले. करीब 16 साल पहले टीवी शो में हुई घटना और उसके बाद लक्ष्मण की मौत से जुड़ा यह मामला एक बार फिर चर्चा में है. परिवार अब अदालत की कार्रवाई से न्याय मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement