
UP News: झांसी के कटेरा थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश के छतरपुर से आई एक बारात पर स्थानीय दबंगों ने हमला कर दिया. यह घटना तब हुई जब गजाधर श्रीवास के बेटे की बारात दिनेश श्रीवास के घर पहुंची थी. नशे में धुत मोहल्ले के कुछ लोगों ने बारातियों से विवाद किया और दूल्हे पर तमंचा तानकर दहशत फैला दी. इस हमले में आधा दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए. दबंगों ने शादी रुकवाने और विदाई करने पर गोली मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
नशे में धुत दबंगों का तांडव और दूल्हे पर तमंचा
शादी की खुशियां उस वक्त मातम और खौफ में बदल गईं जब अचानक दर्जनों हमलावरों ने बारात को घेर लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर शराब के नशे में चूर थे और उन्होंने सबसे पहले दूल्हे को निशाना बनाते हुए उस पर हथियार तान दिया.

इसके बाद जो भी सामने आया, उसे लात-घूसों और डंडों से पीटा गया. इस हिंसक झड़प से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और बाराती जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
विदाई करने पर दी जान से मारने की धमकी
दूल्हे के पिता गजाधर का आरोप है कि करीब 30 से 40 लोगों ने मिलकर हमला किया. आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी है कि यदि शादी आगे बढ़ी या लड़की की विदाई की गई, तो वे गोली मार देंगे. पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस मौके पर आई तो थी, लेकिन बिना ठोस कार्रवाई किए समझौता कराकर वापस लौट गई. अब डरा हुआ परिवार डरा हुआ है और प्रशासन से सुरक्षा के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगा रहा है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी मारपीट का एक वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस भी हरकत में आई है. कटेरा थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें प्रार्थना पत्र मिल चुका है और वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.