नोएडा के दादरी इलाके में मोमोज खाने के बाद एक ही परिवार के नौ सदस्यों समेत कुल 10 लोग बीमार पड़ गए. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी टीम हरकत में आ गई और संबंधित दुकान के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. मोमोज खाने के बाद सभी मरीजों को पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. फिलहाल, अब इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है.
एजेंसी के मुताबिक, घटना गौतम बुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र की है. बुधवार शाम अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दादरी में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज किया और प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग के लक्षण पाए गए.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नरेंद्र कुमार ने बताया कि कुल 10 मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जिनमें से नौ एक ही परिवार के सदस्य थे. सभी का समय पर इलाज हुआ, अब उनकी हालत स्थिर है. उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर यह मामला खराब खाने से जुड़ा लग रहा है.
स्थानीय निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि उनके परिवार के सदस्यों ने पास की एक दुकान से मोमोज खरीदे थे. मोमोज खाने के कुछ समय बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ने लगी. उन्होंने कहा कि पहले पेट दर्द हुआ, फिर उल्टी और बुखार की शिकायत शुरू हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश के पोलावरम में आश्रम स्कूल में फूड पॉइजनिंग, 70 आदिवासी छात्र बीमार, कई ICU में भर्ती
घटना सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत एक्शन लिया. फूड सेफ्टी अधिकारी सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने संबंधित दुकान पर छापेमारी की और वहां से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए. इन सैंपलों को जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाने में किस तरह की गड़बड़ी थी.
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. दुकान की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रख-रखाव को लेकर भी जांच की जा रही है.
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बाहर का खाना खाते समय सतर्कता बरतें और केवल विश्वसनीय व साफ-सुथरे स्थानों से ही खाद्य पदार्थ खरीदें. किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है. फिलहाल सभी मरीजों की हालत में सुधार है, लेकिन इस घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.