मेरठ में बीए की छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. छात्रा तीन दिन पहले परीक्षा देने घर से निकली थी और इसके बाद लापता हो गई. रविवार को रोहटा थाना क्षेत्र के उकसिया गांव में गन्ने के खेत से उसका अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने मामले में पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल की है.
घटना टीपी नगर थाना क्षेत्र से जुड़ी है, जहां की रहने वाली छात्रा तीन दिन पहले घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला. 16 तारीख को परिजनों ने अंकुश नाम के युवक पर शक जताते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
यह भी पढ़ें: मेरठ: 'इज्जत की खातिर घुटती रही बेटी', ससुराल में नवीशा की मौत पर भड़के परिजन, बोले- जहर देकर मारा, नीला पड़ा था शरीर
रविवार को रोहटा थाना क्षेत्र के गांव में खेत में युवती का अर्धनग्न शव मिलने की सूचना मिली. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पहचान होते ही मचा कोहराम, थाने में प्रदर्शन
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव की पहचान गुमशुदा छात्रा के रूप में हुई. पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजन थाने पहुंचे और दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई. इस दौरान भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और उन्होंने हंगामा करते हुए धरना-प्रदर्शन किया.
पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर अंकुश नाम के युवक को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान सामने आया कि दोनों के बीच पहले प्रेम प्रसंग था और युवती उसके साथ ही गई थी.
मोबाइल देखने के बाद शक, गुस्से में हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने युवती का मोबाइल देखा तो उसे शक हुआ कि उसका किसी और से भी संबंध है. इसी बात पर उसे गुस्सा आ गया और उसने युवती की हत्या कर दी.
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. युवती की पहचान कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज की जांच में युवती जाते हुए दिखाई दी थी. परिजनों की शंका और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अंकुश का नाम सामने आया.
पांच टीमों ने आरोपी को पकड़ा, जांच जारी
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में उसने बताया कि दोनों साथ गए थे और शक के चलते उसने हत्या की.
पुलिस ने शव की वीडियोग्राफी कर पोस्टमार्टम कराया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है.