Uttar Pradesh News: मेरठ के मवाना कस्बे में नवीशा नामक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के पिता नरेंद्र रहेजा ने ससुराल पक्ष पर अपनी बेटी को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है. नवीशा की शादी 2020 में अनमोल खेड़ा से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं. परिजनों का दावा है कि ससुराल वाले उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे. घटना की सूचना मिलने पर जब मायके वाले पहुंचे, तो नवीशा का शरीर नीला पड़ा हुआ था और डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शादी के बाद से ही प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता नरेंद्र रहेजा के अनुसार, कोरोना काल में हुई इस शादी के बाद से ही उनकी बेटी खुश नहीं थी. आरोप है कि पति अनमोल खेड़ा अक्सर नवीशा के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था.
पिता ने तहरीर में यह भी बताया कि पहले भी एक बार नवीशा को खाने में जहर देने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब उसकी जान बच गई थी. लोक-लाज और परिवार की इज्जत की खातिर नवीशा इस जुल्म को खामोशी से सहती रही, जिसका अंत इतना दर्दनाक होगा किसी ने नहीं सोचा था.
फोन कॉल से मिली मौत की खबर
परिजनों को नवीशा की मौत की खबर एक अज्ञात फोन कॉल के जरिए मिली. कॉल करने वाले ने बताया कि उसे जहरीला पदार्थ देकर मार दिया गया है. जब मायके पक्ष के लोग आनन-फानन में डॉक्टर के पास पहुंचे, तो वहां नवीशा मृत अवस्था में मिली. परिजनों ने बताया कि जहर के असर से उसका पूरा शरीर नीला पड़ चुका था. डॉक्टर ने परिजनों को स्पष्ट किया कि अस्पताल लाने से काफी पहले ही नवीशा दम तोड़ चुकी थी.
ससुर के आपराधिक इतिहास पर उठाए सवाल
पीड़ित पिता ने अपनी तहरीर में पति अनमोल के साथ-साथ सास किरण खेड़ा और ससुर मुकेश खेड़ा को भी नामजद किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मृतका का ससुर मुकेश पहले भी हत्या के एक मामले में जेल की हवा खा चुका है. परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाए और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.