scorecardresearch
 

'डीएम अंकल, प्लीज सड़क बनवा दीजिए...' बच्ची की अपील पर बनने लगा रोड, मिलने घर पहुंचे अफसर

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में कक्षा 1 में पढ़ने वाली बच्ची की मासूम अपील ने बड़ा असर दिखाया. पानी भरी सड़क से परेशान बच्ची ने गुहार लगाई कि 'डीएम अंकल' प्लीज सड़क बनवा दीजिए. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इसके बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह बच्ची से मिलने पहुंच गए. डीएम ने कहा कि बच्ची की मांग पर सड़क सही कराई जा रही है.

Advertisement
X
डीएम ने बच्ची को बिस्किट और मिठाइयां दीं. (Photo: Screengrab)
डीएम ने बच्ची को बिस्किट और मिठाइयां दीं. (Photo: Screengrab)

यूपी में लखीमपुर खीरी की एक छोटी-सी बच्ची की मासूम आवाज ने पूरे जिले का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. यही आवाज बदलाव की वजह भी बन गई. कहानी है कक्षा एक में पढ़ने वाली नन्ही मानवी सिंह की, जिसने अपने घर के सामने की खराब सड़क से परेशान होकर एक वीडियो बनाया, जो वायरल हो गया. वीडियो में वह बेहद मासूमियत से कहती है- डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं... हमारी भी सड़क बनवा दीजिए.

यह एक बच्ची की अपील थी, जिसमें उसकी रोजमर्रा की परेशानी दिख रही थी. घर के बाहर पानी से भरी, ऊबड़-खाबड़ सड़क, जहां से गुजरना उसके लिए मुश्किल भरा था. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, देखते ही देखते वायरल हो गया. लोग इसे शेयर करने लगे, कमेंट्स में बच्ची की मासूमियत की तारीफ होने लगी और प्रशासन तक भी यह आवाज पहुंच गई.

यहां देखें Video

ज्यादा वक्त नहीं लगा. वीडियो लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह तक पहुंचा और उन्होंने तुरंत एक्शन लेने का फैसला किया. कुछ ही समय बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह खुद अधिकारियों की टीम के साथ मानवी के घर पहुंच गए. अचानक प्रशासन को अपने दरवाजे पर देखकर मानवी और उसके परिवार के चेहरे पर आश्चर्य और खुशी दोनों साफ नजर आ रहे थे.

Advertisement

डीएम ने न सिर्फ बच्ची से मुलाकात की, बल्कि उसकी बात को गंभीरता से सुना. वे मानवी को अपने साथ उस सड़क तक भी ले गए, जहां वह रोज परेशान होती थी. वहां जाकर उन्होंने खुद हालात का जायजा लिया- पानी से भरी सड़क, दबा हुआ खड़ंजा और आसपास की अव्यवस्थित स्थिति साफ दिख रही थी.

यह भी पढ़ें: जनता दर्शन में मिला आवेदन, बच्ची की हैंडराइटिंग के मुरीद हुए कानपुर के डीएम, ऑफिस बुलाकर किया सम्मान

इस दौरान डीएम ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क को ठीक कराया जाए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही यहां की समस्या दूर कर दी जाएगी, ताकि न सिर्फ मानवी, बल्कि पूरे इलाके के लोगों को राहत मिल सके. मानवी सिंह की छोटी-सी अपील ने न सिर्फ समस्या का समाधान कराया, बल्कि पूरे इलाके के लोगों के लिए भी राहत का रास्ता खोल दिया.

इस दौरान डीएम ने मानवी से बातचीत की. उसकी मासूमियत और आत्मविश्वास से वे प्रभावित दिखे. उन्होंने बच्ची को बिस्किट और मिठाई दी और उसे पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.

Lakhimpur Kheri DM Uncle please get road repair little girl video

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह शहर के आउटस्कर्ट का मामला है. मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो मिला. इसके बाद तुरंत मैं खुद मौके पर गया. उस बच्ची से मुलाकात हुई. बच्ची के घर भी गया. मैंने उस सड़क को भी देखा, जहां पर उसने असुविधा होने की बात कही थी. उस बस्ती में अभी सुविधाओं की कुछ कमी है. जिस सड़क की बात हो रही थी, वीडियो में वहां थोड़ा पानी जमा दिख रहा है. उसमें खड़ंजा था, धीरे-धीरे वह दब गया है. उसको तत्काल ठीक कराया जा रहा है. वहां के लोगों से मुलाकात हुई.

Advertisement

इसके साथ ही डीएम ने लोगों से अपील की कि जब भी वे प्लॉट खरीदें या घर बनाने का फैसला करें, तो पहले वहां की बुनियादी सुविधाओं- जैसे सड़क, नाली, बिजली और पार्क की स्थिति जरूर जांच लें. उन्होंने यह भी कहा कि बिना लेआउट पास कराए की जा रही प्लॉटिंग अवैध होती है और ऐसे इलाकों में अक्सर आधारभूत सुविधाओं की कमी रहती है. इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि बिना लेआउट पास कराए प्लाटिंग हो रही है. रेगुलेटेड एरिया में लेआउट पास कराना पड़ेगा और लेआउट पास कराने में उन्हें यह सब सुविधाएं देनी पड़ेंगी. कुछ ग्रीन एरिया छोड़ना पड़ेगा. ऐसे में जो भी प्लॉट लें, उसमें यह सब चीजें जरूर देखें. जो मुख्य सुविधाएं हैं, उनके लिए हम और हमारी टीम है. उस बच्ची की जो अपील है, उस पर तत्काल कार्रवाई शुरू हो गई है. तुरंत वहां सड़क और नाली की व्यवस्था करा दी जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement