उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर कस्बे के मुख्य मेले में मंगलवार रात दुर्गा पूजा के अवसर पर एक सफेद स्कॉर्पियो चालक ने जमकर तांडव मचाया. चालक ने भीड़ के बीच खतरनाक स्टंट किए. इस अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए, जबकि मेले में मौजूद महिलाएं और पुरुष बच्चों को गोद में लेकर अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भागते नजर आए. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी गाड़ी को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
मेले में मची चीख-पुकार और भगदड़
दुर्गा पूजा मेले के दौरान जब लोग उत्सव का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक एक सफेद स्कॉर्पियो ने भीड़भाड़ वाले इलाके में खतरनाक तरीके से गाड़ी चलानी शुरू कर दी. ड्राइवर कभी गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाता तो कभी बैक करता, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मी भी उसे रोकने के लिए दौड़ते हुए दिखाई दिए, लेकिन चालक पर खाकी का कोई खौफ नहीं था. इस पूरी घटना के दौरान मेले में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
स्टंटबाजी के दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सलेमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक अनियंत्रित सफेद स्कॉर्पियो का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. इस संबंध में वार्ड नंबर 08 हरैया के रहने वाले वादी वीरेंद्र प्रजापति की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सलेमपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. पुलिस ने घटना में शामिल सफेद स्कॉर्पियो की पहचान कर ली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.