scorecardresearch
 

SI एग्जाम विवाद: "पंडित " विकल्प दिए जाने पर CM योगी ने जताई नाराजगी, दी हिदायत

उत्तर प्रदेश की सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में "अवसरवादी " शब्द को लेकर आए सवाल और उसके विकल्प में पंडित दिए जाने पर घमासान जारी है. इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने भी नाराजगी जताई और हिदायत दी है.

Advertisement
X
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. (File Photo/ITG)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. (File Photo/ITG)

उत्तर प्रदेश की सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में "अवसरवादी " शब्द के विकल्प में "पंडित " दिए जाने पर बवाल मचा हुआ है. अब इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नाराजगी जताई है. इसको लेकर उन्होंने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को हिदायत दी है और एक निर्देश भी जारी किया है.

मुख्यमंत्री की तरफ से जारी निर्देश में कहा गया है कि किसी भी व्यक्ति/ जाति/ पंथ/ सम्प्रदाय की मर्यादा एवं आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी ना करें. साथ ही इस मामले का संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेंटर्स को भी निर्देशित किया जाए. ⁠हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए. ⁠यह विषय पेपर सेंटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनाएं. 

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी का सेवा विस्तार, 2027 तक मिली जिम्मेदारी

हिंदी अनुभाग में पूछा गया था प्रश्न
यह सवाल 14 मार्च को सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के हिंदी अनुभाग में पूछा गया था. इसमें उम्मीदवारों से ऐसे व्यक्ति के लिए एक शब्द का उत्तर चुनने को कहा गया था जो अवसर के अनुसार बदल जाता है. विकल्पों में "पंडित", "अवसरवादी", "निर्दोष" और "सदाचारी" शामिल थे.

Advertisement

इस प्रश्न से प्रदेश में राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है. वहीं मामले में उत्तर प्रदेश BJP के सचिव अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सवाल बनाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि विकल्पों में "पंडित" को शामिल करने से ब्राह्मण समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं.

मिश्रा ने कहा कि जो व्यक्ति अवसर के अनुसार बदलता है, उसका सही अर्थ 'अवसरवादी' होता है. लेकिन विकल्पों में 'पंडित' को शामिल करने से एक विशेष समुदाय की भावनाएं आहत होती हैं. उन्होंने आगे कहा कि "पंडित" शब्द ज्ञान और धार्मिक सम्मान से जुड़ा है.

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी जताई थी नाराजगी
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी इस प्रश्न पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और तत्काल जांच के आदेश दिए हैं. एक्स पर एक पोस्ट में पाठक ने कहा कि किसी भी सवाल का किसी भी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाना "बिल्कुल अस्वीकार्य" है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बोर्ड ने भी कही कार्रवाई की बात
पूरे मामले को लेकर बोर्ड का भी बयान आया है. बोर्ड ने कहा कि जांच के बाद दोषियों की पहचान की जाएगी और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement