चित्रकूट के देवांगना एयरपोर्ट घाटी में छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि जवाबी कार्रवाई में बहिलपुरवा थाने का एक पुलिस सिपाही राघवेंद्र भी घायल हुआ है.
दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से पुलिस कर्मी और आरोपी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
यह सनसनीखेज वारदात 22 जुलाई को घटी थी, जब सतना जिले के (मध्य प्रदेश) निवासी 20 वर्षीय छात्रा अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ देवांगना एयरपोर्ट घाटी के पास घूम रही थी. उसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को ब्लैकमेल करने लगे.
जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने युवक की पिटाई कर उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद दो आरोपियों ने युवती को झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट कर धमकी देते हुए फरार हो गए.
घटना के तुरंत बाद पीड़ित युवक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी.मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया.
मामले के खुलासे के लिए बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज की एसओजी टीमों को भी लगाया गया.घटना पूरी तरह से 'ब्लाइंड केस' थी, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से 48 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों की पहचान कर ली. पीड़ित छात्र-छात्रा ने भी आरोपियों की तस्वीरों से उनकी पहचान की. देखें VIDEO:-
पहचान होने के बाद आरोपियों पर पहले 25 हजार और फिर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगलों में छिपा हुआ है.
पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी. पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया.
मौके से पुलिस ने 315 बोर के दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है.
एसपी चित्रकूट अरुण कुमार सिंह का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.