scorecardresearch
 

मथुरा: दबिश के दौरान दारोगा ने फौजी को जड़े मुक्के, सीसीटीवी में कैद हुई पुलिस की 'गुंडागर्दी'

मथुरा के जैत इलाके में पुलिस की दबिश के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया. बीएसएफ जवान का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं.

Advertisement
X
  दारोगा ने फौजी पर उठाया हाथ (Photo- Screengrab)
दारोगा ने फौजी पर उठाया हाथ (Photo- Screengrab)

मथुरा के थाना जैत क्षेत्र अंतर्गत आझई खुर्द गांव में पुलिस और सेना के जवान के बीच हुई भिड़ंत का मामला गरमा गया है. वर्तमान में बीकानेर में तैनात बीएसएफ सिपाही राधाचरण छुट्टी पर आए हुए थे और अपने दोस्त महेश से मिलने उसके घर गए थे. इसी दौरान जैत थाना प्रभारी मनोज कुमार भाटी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी. 

पुलिस के मुताबिक, वे फौजी के भाई लक्ष्मी नारायण को पकड़ने गए थे, जिस पर धारा 376 का मामला दर्ज है. पुलिस का दावा है कि फौजी द्वारा अभद्रता करने पर विवाद हुआ, जबकि सीसीटीवी फुटेज में दारोगा फौजी को मुक्के मारते हुए नजर आ रहे हैं.

सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. पीड़ित महेश कुमार और फौजी राधाचरण का आरोप है कि दारोगा मनोज भाटी ने बिना वजह घर में घुसकर मारपीट की. जब फौजी ने विरोध किया, तो उन्हें निशाना बनाया गया. सीसीटीवी में कैद यह फुटेज अब पूरे मामले का सबसे बड़ा सबूत बन गया है, जिसमें वर्दीधारी पुलिसकर्मी और छुट्टी पर आए जवान के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट साफ दिख रही है.

एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

Advertisement

मामला सुर्खियों में आने के बाद एसएसपी श्लोक कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष छानबीन के निर्देश दिए हैं. इस प्रकरण की जांच सीओ सदर प्रीतम पाल सिंह को सौंपी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी. 

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement