scorecardresearch
 

बंदर भगाने के लिए किसान बना 'भालू', अजीब तरीका देखकर लोग भी रह गए हैरान

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बंदरों से परेशान किसानों ने अपनी फसल बचाने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया है. गांव के कुछ किसान भालू का वेश पहनकर खेतों में घूम रहे हैं, ताकि बंदर डरकर फसलों से दूर भाग जाएं. इस जुगाड़ का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग हैरानी और मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

Advertisement
X
एक यूजर ने लिखा कि किसान अपनी फसल बचाने के लिए  क्या -क्या नहीं करते (Photo:ANI)
एक यूजर ने लिखा कि किसान अपनी फसल बचाने के लिए क्या -क्या नहीं करते (Photo:ANI)

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां किसानों ने अपनी फसल बचाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह गए. फसल को नुकसान पहुंचाने वाले बंदरों से परेशान किसानों ने भालू का रूप धारण कर खेतों में घूमना शुरू कर दिया, ताकि बंदर डरकर भाग जाएं.

बंदरों से परेशान किसान

संभल जिले के फिरोजपुर गांव के किसान धरमबीर के मुताबिक इलाके में बंदरों की संख्या काफी ज्यादा है और वे रोज खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाते हैं.धरमबीर ने बताया कि बंदर खास तौर पर आलू और स्ट्रॉबेरी की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं. उनके अनुसार गांव में करीब 100 से ज्यादा बंदर हैं, जो हर दिन खेतों में आ जाते हैं. ऐसे में कुछ किसानों ने भालू की तरह कपड़े पहनकर खेतों में जाना शुरू किया.किसानों का कहना है कि जब वे इस तरह खेत में जाते हैं तो बंदर डरकर भाग जाते हैं.

वन विभाग ने क्या कहा

इस मामले पर वन विभाग के अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें इस तरीके के बारे में जानकारी मिली है. हालांकि उन्होंने माना कि यह कोई स्थायी समाधान नहीं है.उनके मुताबिक अगर बंदरों को एक जगह से भगाया जाएगा तो वे दूसरी जगह पहुंच जाएंगे. इसलिए विभाग की कोशिश होगी कि बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए.

Advertisement

देखें वीडियो

सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन

इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की दिलचस्प प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. एक यूजर ने लिखा कि किसान अपनी फसल बचाने के लिए  क्या -क्या नहीं करते . भले ही इसको लोग मजाक में ले, लेकिन ये चीज भारतीय किसानों का दर्द दिखाता है.दूसरे यूजर ने मजाक में कहा कि अब बंदरों को भी लगेगा जंगल शहर में आ गया.एक अन्य यूजर ने लिखा कि सरकार को किसानों की मदद के लिए स्थायी समाधान निकालना चाहिए.

कई लोगों ने इस वीडियो को मजेदार बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि बंदरों की समस्या से किसानों को सच में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.

क्यों बड़ी समस्या बन गए हैं बंदर

उत्तर भारत के कई इलाकों में बंदरों की बढ़ती संख्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. कई जगह बंदर फलों और सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचाते हैं.

ऐसे में कुछ किसान जाल, पटाखे या आवाज करने वाले उपकरण का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन संभल के किसानों का यह तरीका फिलहाल सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement