पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी क्रिकेट के मैदान पर भले ही बेहद शांत नजर आते हों, लेकिन पत्नी साक्षी के साथ उनका शरारती अंदाज अक्सर देखने को मिलता है. अब ऐसा ही एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो उनकी पत्नी साक्षी के साथ है.
यह वीडियो जामनगर में अंबानी परिवार की नवरात्रि सेलिब्रेशन का बताया जा रहा है. कार्यक्रम में धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ पहुंचे थे. इसी दौरान दोनों के बीच हुई एक छोटी सी नोकझोंक ने लोगों का ध्यान खींच लिया.
चम्मच बढ़ाया... फिर खुद खा गए आइसक्रीम
वायरल वीडियो में धोनी के हाथ में आइसक्रीम का कप नजर आता है. वह चम्मच में आइसक्रीम लेकर साक्षी की तरफ बढ़ाते हैं. साक्षी जैसे ही आइसक्रीम खाने के लिए आगे आती हैं, धोनी अचानक चम्मच पीछे खींच लेते हैं और आइसक्रीम खुद खा जाते हैं.
धोनी यहीं नहीं रुकते. वह दोबारा साक्षी को आइसक्रीम खिलाने की कोशिश करते हैं और फिर वही शरारत दोहरा देते हैं. इस बार साक्षी भी चुप नहीं रहतीं और मजाक में धोनी के हाथ पर मार देती हैं.
सोशल मीडिया पर पसंद आ रही कपल की केमिस्ट्री
कुछ सेकंड के इस वीडियो में दोनों की बॉन्डिंग और मस्ती साफ नजर आती है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स धोनी के इस अंदाज पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोगों ने तो उन्हें मजाकिया अंदाज में 'प्रोफेशनल रेजबेटर' तक कहना शुरू कर दिया.
धोनी और साक्षी की ऐसी तस्वीरें और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहते हैं. इस बार भी आइसक्रीम को लेकर हुई उनकी छोटी सी शरारत ने फैन्स का ध्यान खींच लिया है.
अंबानी परिवार के नवरात्रि समारोह में पहुंचे थे धोनी-साक्षी
एमएस धोनी और साक्षी धोनी जामनगर में आयोजित अंबानी परिवार के नवरात्रि समारोह में नजर आए. इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में मनोरंजन, बिजनेस और खेल जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं.
हालांकि, इस पूरे कार्यक्रम से सामने आया धोनी-साक्षी का यह छोटा सा पल सोशल मीडिया पर खास तौर पर वायरल हो गया.