
विक्टोरिया सीक्रेट की मशहूर फैंटेसी ब्रा करीब 8 साल बाद रनवे पर वापस लौटी है और इस बार इसे पहनकर रैंप पर उतरीं काइली जेनर. 29 साल की काइली ने सफेद पंखों वाले एंजेल लुक में सबका ध्यान खींचा, लेकिन उनके आउटफिट से ज्यादा चर्चा उस बेशकीमती ब्रा की हो रही है, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ डॉलर यानी लगभग 460 करोड़ रुपये है.
इस साल की फैंटेसी ब्रा को बेहद खास तरीके से तैयार किया गया है. इसमें 4,410 प्राकृतिक हीरे लगाए गए हैं. इन हीरों के बीच 75.54 कैरेट का बेहद दुर्लभ फैंसी विविड येलो डायमंड लगाया गया है. यह डायमंड रेडिएंट कट में है, जिसकी वजह से ब्रा की चमक और भी ज्यादा खास नजर आती है.
इसे तैयार करने में 15 कारीगरों की टीम ने 1,000 घंटे से ज्यादा समय लगाया. तैयार होने के बाद इस ब्रा का वजन करीब चार पाउंड यानी लगभग 1.8 किलो है.
8 साल बाद वापस आई फैंटेसी ब्रा
विक्टोरिया सीक्रेट की फैंटेसी ब्रा आखिरी बार 2018 में रनवे पर दिखाई दी थी. उस समय एल्सा होस्क ने इसे पहना था. अब करीब आठ साल बाद इसकी वापसी हुई है और ब्रांड ने इसके लिए काइली जेनर को चुना.
काइली सोशल मीडिया की सबसे लोकप्रिय हस्तियों में शामिल हैं. इंस्टाग्राम पर उनके करीब 38 करोड़ फॉलोअर्स हैं. विक्टोरिया सीक्रेट के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर एडम सेलमैन ने काइली को सिर्फ फैशन स्टार नहीं, बल्कि एक बड़ी कल्चरल पावरहाउस बताया.
उनके मुताबिक काइली का प्रभाव फैशन और टीवी से कहीं आगे है. उन्होंने अपनी अलग पहचान और संस्कृति बनाई है. यही वजह है कि फैंटेसी ब्रा की वापसी के लिए काइली को चुनना ब्रांड को सबसे सही विकल्प लगा.

सिर्फ ब्रा नहीं, हाई ज्वेलरी का शानदार नमूना
इस बेशकीमती ब्रा को तैयार करने में ज्वेलरी डिजाइनर जैकब अराबो और उनकी कंपनी जैकब एंड कंपनी की भी अहम भूमिका रही. अराबो के मुताबिक, उनका मकसद ऐसी हाई ज्वेलरी तैयार करना था जिसे ब्रा के तौर पर पहना जा सके.
यह भी पढ़ें: 2.56 करोड़ लोग करते हैं फॉलो, कौन हैं पाकिस्तान की जन्नत मिर्जा?
इसमें कपड़े का इस्तेमाल नहीं किया गया. डिजाइन में सोने और हीरों को इस तरह जोड़ा गया कि यह एक साथ ज्वेलरी और पहनने योग्य फैशन पीस लगे. हजारों हीरों को सात अलग-अलग कट में तैयार किया गया है. इनमें एंजेल, हार्ट, पियर, मार्कीज, ओवल, रेडिएंट और राउंड ब्रिलियंट कट शामिल हैं.
30 साल पुरानी है फैंटेसी ब्रा की कहानी
विक्टोरिया सीक्रेट की फैंटेसी ब्रा की कहानी करीब 30 साल पुरानी है. इसकी शुरुआत 1996 में हुई थी, जब क्लाउडिया शिफर ने 10 लाख डॉलर की फैंटेसी ब्रा पहनी थी.
यह भी पढ़ें: खूबसूरती के दीवाने हैं लोग! तुर्की में सबसे ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाली महिला कौन?
इसके बाद 1999 में हाइडी क्लम की मिलेनियम ब्रा 1 करोड़ डॉलर की कीमत के साथ चर्चा में रही. साल 2000 में जिजेल बुंडचेन ने रेड हॉट फैंटेसी ब्रा पहनी, जिसकी कीमत 1.5 करोड़ डॉलर थी. यह लंबे समय तक सबसे महंगी फैंटेसी ब्रा रही.
अब काइली जेनर की यह फैंटेसी ब्रा उस रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ चुकी है. करीब 5 करोड़ डॉलर यानी 460 करोड़ रुपये की कीमत वाली यह ब्रा विक्टोरिया सीक्रेट के इतिहास की सबसे महंगी फैंटेसी ब्रा बन गई है.