सोशल मीडिया पर इन दिनों बांग्लादेश से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में मॉडल और इन्फ्लुएंसर मोनिका कबीर एक बुजुर्ग व्यक्ति को सड़क पर मारते हुए दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर इस घटना को लेकर बड़ी बहस छिड़ गई है. दरअसल, वीडियो में देखा जा सकता है कि मोनिका कबीर एक व्यस्त सड़क पर खड़ी होकर रील शूट कर रही थीं. कैमरे के सामने वह पोज़ दे रही थीं, जबकि पीछे सड़क पर आम लोग आ-जा रहे थे. इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति वहां से गुजरता है और उसका बैग हल्के से मोनिका से टकरा जाता है.
लाखों लोगों ने देखा वीडियो
वीडियो के अनुसार, जैसे ही वह व्यक्ति आगे बढ़ता है, मोनिका अचानक उसके पीछे दौड़ पड़ती हैं और अपने हैंडबैग से उसे मारना शुरू कर देती हैं. यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो जाती है. बुजुर्ग व्यक्ति इस दौरान घबराया हुआ दिखाई देता है और खुद को बचाने की कोशिश करता है. सड़क पर मौजूद लोग भी इस घटना को देखकर हैरान रह जाते हैं. बाद में मोनिका ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, “जहां खूबसूरती और बहादुरी का मिलन होता है, आत्मविश्वास के साथ अपने दिन की शुरुआत करें.” वीडियो पोस्ट होते ही तेजी से वायरल हो गया और लाखों लोगों ने इसे देख लिया.
कई यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कई अलग-अलग तरह के कमेंट्स किए. कुछ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं को कई बार असहज स्थितियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए प्रतिक्रिया दी होगी. वहीं कई अन्य यूजर्स का मानना है कि वीडियो में ऐसा नहीं लगता कि उस व्यक्ति ने जानबूझकर उन्हें छुआ था, इसलिए उनकी प्रतिक्रिया जरूरत से ज्यादा थी. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यह सब शायद वायरल कंटेंट बनाने के लिए किया गया हो. कई यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि अगर यही काम कोई पुरुष करता, तो उस पर कहीं ज्यादा कड़ी प्रतिक्रिया होती. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह बहस तेज हो गई है कि यह मामला वास्तव में आत्मरक्षा का था या फिर सिर्फ सोशल मीडिया पर ध्यान खींचने के लिए बनाया गया विवादित वीडियो.