scorecardresearch
 

एलियन जैसा दिखने वाला, कराया दर्जनों बॉडी मॉडिफिकेशन... टैटू एडिक्ट ने दिखाया 15 साल पहले कैसा दिखता था

एक शख्स की टैटू और बॉडी मॉडिफिकेशन को लेकर ऐसी दीवानगी हुई कि उसने अपने पूरे शरीर को एक एलियन की तरह बना लिया. पिछले 15 साल से वह अपने शरीर को मॉडिफआई कर रहा है. अब उसने अपनी एक पुरानी नॉर्मल पहले वाली तस्वीर शेयर की है. जिसे देखकर उसे पहचानना मुश्किल हो जाता है.

Advertisement
X
15 साल में अपने शरीर को मॉडिफाई करवाकर बना लिया एलियन के जैसा (Photo - Instagram/@the_black_alien_project)
15 साल में अपने शरीर को मॉडिफाई करवाकर बना लिया एलियन के जैसा (Photo - Instagram/@the_black_alien_project)

दुनिया में कुछ लोग अपने शरीर को अलग दिखाने के लिए टैटू बनवाते हैं, तो कुछ लोग इससे भी आगे निकल जाते हैं. फ्रांस के एंथनी लोफ्रेडो ऐसे ही शख्स हैं, जिन्होंने खुद को एलियन जैसा लुक देने के लिए अपने शरीर में कई बड़े बदलाव कराए हैं. लोग उन्हें 'ब्लैक एलियन' के नाम से जानते हैं. अब एंथनी ने अपनी 15 साल पुरानी तस्वीर शेयर की है, जिसमें उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो रहा है.

डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, एंथनी लोफ्रेडो पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से अपने शरीर को पूरी तरह बदलने में जुटे हैं. उनका शरीर टैटू से लगभग ढका हुआ है. उन्होंने अपने कान निकलवा दिए, दो उंगलियां कटवा दीं और सिर की बनावट बदलने के लिए त्वचा के नीचे इम्प्लांट भी लगवाए हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने होंठ का एक हिस्सा हटवाया और आंखों की पुतलियों में भी स्याही डलवाई है.

15 साल पहले ऐसे दिखते थे एंथनी
एंथनी ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपने पुराने लुक की तस्वीर शेयर की. उनके करीब 10 लाख फॉलोअर्स हैं. तस्वीर में वह काले बालों, छोटी दाढ़ी और उभरे हुए जबड़े के साथ नजर आ रहे हैं. उनकी आंखें भी सामान्य भूरी थीं, जिन्हें उन्होंने बाद में टैटू के जरिए बदल दिया.

Advertisement

इस तस्वीर को देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कभी यही शख्स आज के 'ब्लैक एलियन' से बिल्कुल अलग दिखता था. एंथनी ने अपनी पोस्ट में इसे 'ब्लैक एलियन प्रोजेक्ट- 15 साल का बदलाव' बताया.

उन्होंने लिखा कि ज्यादातर लोगों के लिए अपने शरीर को इस हद तक बदलना आत्मघाती कदम जैसा हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह हिम्मत, एक सोच और अपने सपने को पूरा करने का तरीका है.

एंथनी के मुताबिक, पिछले 15 साल में उन्होंने अपने शरीर में कई बदलाव किए हैं और इसके लिए काफी कुछ त्याग भी किया है. उनका कहना है कि उन्होंने कभी दूसरों जैसा दिखने की कोशिश नहीं की, बल्कि अपने मन में बनी तस्वीर को हकीकत में बदलना चाहा. उनके लिए शरीर एक कैनवास की तरह है, जिस पर वह अपनी पहचान बना रहे हैं.

अभी और बदलाव कराना चाहते हैं एंथनी
एंथनी का कहना है कि हर कोई उनके इस रास्ते को नहीं समझ पाएगा और उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने अपनी पोस्ट में मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि अब नफरत भरे कमेंट आने शुरू होंगे.

यह भी पढ़ें: कान में ईयरफोन लगाकर जश्न मनाते हैं लोग... जेन-जी का साइलेंट डीजे ट्रेंड में

दरअसल, एंथनी का मकसद अपने लुक को जितना संभव हो सके, उतना एलियन जैसा बनाना है. उनके शरीर में हुए बदलावों को देखकर कई लोग हैरान रह जाते हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वाले भी कम नहीं हैं. एंथनी इन आलोचनाओं पर ज्यादा ध्यान नहीं देते और अपने फैसलों पर कायम हैं.

Advertisement

पुरानी तस्वीर देखकर हैरान रह गए लोग
एंथनी की पुरानी तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने कहा कि जिंदगी उनकी है और उन्हें अपनी मर्जी से जीने का पूरा हक है. वहीं, कुछ लोगों ने उनके पुराने लुक की तारीफ की और कहा कि वह पहले काफी हैंडसम दिखते थे.

एक यूजर ने लिखा कि एंथनी का बदलाव कई लोगों को असहज कर सकता है, लेकिन उन्हें अपने शरीर, जिंदगी और सपने के बारे में फैसला लेने का अधिकार है. वहीं, एक अन्य यूजर ने अफसोस जताते हुए कहा कि वह पहले काफी अच्छे दिखते थे. हालांकि, अगर वह अपने मौजूदा रूप में खुश हैं, तो यह उनकी पसंद है.

क्यों शुरू किया था खुद को बदलने का सफर?
एंथनी एक बार चैनल 4 के एक डॉक्यूमेंट्री शो में भी नजर आए थे. इसमें उन्होंने बताया था कि उन्होंने अपने शरीर को बदलने का यह सफर इसलिए शुरू किया, क्योंकि वह अपने प्राकृतिक रूप में पूरी तरह खुश नहीं थे.

यह भी पढ़ें: नाक में पाइप डालकर पाउडर डालते हैं, फिर कई घंटे नशे में रहते हैं! क्या है ये रापे सेरेमनी

उन्होंने कहा था कि वह खुश तो थे, लेकिन उन्हें लगता था कि उनका शरीर वैसा नहीं है, जैसा असल में उन्हें होना चाहिए. उनके मुताबिक, उन्हें लगता था कि यह उनका असली शरीर नहीं है.

Advertisement

एंथनी की कहानी दिखाती है कि शरीर को लेकर लोगों की सोच और अपनी पहचान जाहिर करने का तरीका कितना अलग हो सकता है. जहां कुछ लोग उनके बदलावों की तारीफ करते हैं, वहीं कई लोग इसे जरूरत से ज्यादा मानते हैं. लेकिन एंथनी के लिए यह सिर्फ टैटू बनवाने या लुक बदलने की बात नहीं, बल्कि अपनी कल्पना के मुताबिक खुद को ढालने का एक लंबा सफर है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement