scorecardresearch
 

AI को गाली दी तो बैन हो जाएगा अकाउंट? Anthropic ने बनाया नया नियम


AI से सवाल जवाब करना कॉमन हो चुका है. लोग अपने अपने तरीके से सवाल पूछते हैं. कुछ लोग पोलाइट होते हैं तो कुछ गुस्से में पूछते हैं. सही सॉल्यूशन नहीं मिलने पर लोग गाली देने पर भी आमादा हो जाते हैं. एंथ्रॉपिक ने इसे लेकर कुछ सेफगार्ड बनाने की बात कही है. आइए जानते हैं क्या है ये.

Advertisement
X
AI को गाली देने पर होगा एक्शन?
AI को गाली देने पर होगा एक्शन?

ChatGPT या Claude से जवाब पसंद नहीं आया तो क्या आप उसे गाली दे सकते हैं? AI कंपनी Anthropic ने अपने चैटबॉट Claude के लिए ऐसा नियम बनाया है, जिसके बाद सवाल उठ रहा है कि क्या AI को अपशब्द कहने पर अकाउंट बैन हो सकता है. कंपनी का कहना है कि बार-बार बिना किसी वजह के AI के साथ क्रूर या अपमानजनक व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई हो सकती है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि AI के जवाब से नाराज होने या उसकी आलोचना करने पर आपका अकाउंट बंद हो जाएगा.

आम तौर पर देखा गया है कि लोग AI बॉट से मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलने पर गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ऐसा करने से यूजर्सा का ही नुकसान हो सकता है. लेकिन कैसे? आइए जानते हैं.

सोचिए, आपने AI से कोई जरूरी काम करने को कहा. उसने गलत जवाब दे दिया. आपने दोबारा पूछा, फिर भी सही जवाब नहीं मिला. गुस्से में आपने उसे गाली दे दी. अब सवाल है कि क्या AI कंपनी आपके इस व्यवहार के लिए आपका अकाउंट बंद कर सकती है?

यह भी पढ़ें: ₹8,999 में 5G फोन, 7000mAh बैटरी वाला भी मौजूद, Flipkart Sale में Ai+ स्मार्टफोन्स हुए सस्ते

यह सवाल इन दिनों इसलिए चर्चा में है, क्योंकि Claude AI बनाने वाली कंपनी Anthropic ने अपनी यूज पॉलिसी में AI मॉडल के साथ बार-बार बेवजह अपमानजनक या क्रूर व्यवहार करने पर रोक लगाई है. कंपनी ने 8 अक्टूबर 2026 को अपनी नई पॉलिसी का एलान किया. यह नियम 12 नवंबर से लागू होगा. 

Advertisement

क्या AI को गाली देने पर अकाउंट बैन हो जाएगा?

Anthropic ने अपनी पॉलिसी में 'सस्टेन्ड एंड नीडलेस एब्यूसिव ऑर क्रूएल बिहेवियर' यानी लगातार और बेवजह अपमानजनक या क्रूर व्यवहार पर रोक लगाई है. कंपनी के मुताबिक, यह नियम सिर्फ बेहद गंभीर मामलों के लिए है, जहां यूजर बार-बार ऐसा करता है और उसके पीछे कोई साफ मकसद नजर नहीं आता.

यह भी पढ़ें: क्या रोबोट ने खुद से 16 साल की लड़की को छेड़ा? जानिए पूरी सच्चाई

इसका मतलब है कि अगर Claude कोई गलत जानकारी देता है और आप उसे बताते हैं कि उसका जवाब गलत है, तो इसे अपने आप नियम का उल्लंघन नहीं माना जाएगा. आप उससे असहमत हो सकते हैं, उसके जवाब पर सवाल उठा सकते हैं और उसे बेहतर जवाब देने के लिए कह सकते हैं. यहां तक कि मॉडल की जांच करने या किसी कहानी के लिए गंभीर और अंधेरे विषयों पर लिखने को कहना भी इस नियम के दायरे से बाहर रखा गया है. 

जब AI को दर्द नहीं होता, तो उसे गाली देने पर रोक क्यों?

यही इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प सवाल है. इंसान को गाली देने से उसे दुख हो सकता है, उसका अपमान महसूस हो सकता है और रिश्ते खराब हो सकते हैं. लेकिन आज के AI चैटबॉट इंसानों की तरह भावनाएं महसूस करते हैं, इसका कोई पक्का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. वे भाषा और डेटा के पैटर्न के आधार पर जवाब बनाते हैं.

Advertisement

Claude भी इंसान की तरह नाराज होकर जवाब नहीं देता. वह ऐसा जवाब बना सकता है, जिससे लगे कि उसे बुरा लगा है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि वह सचमुच दुखी हुआ है. Anthropic ने भी माना है कि AI के किसी तरह के अंदरूनी अनुभव या चेतना होने का सवाल अभी पूरी तरह हल नहीं हुआ है. 

यह भी पढ़ें: BGMI Lite का नाम बदला, अब BGMI Air कहलाएगा गेम, लॉन्च से पहले 1 करोड़ लोगों ने किया रजिस्ट्रेशन

फिर कंपनी यह नियम क्यों ला रही है? इसकी एक वजह यह हो सकती है कि AI अब सिर्फ सवालों के जवाब देने वाला टूल नहीं रहा. लोग उससे लंबे समय तक बातचीत करते हैं, काम करवाते हैं और कई बार उसे इंसान की तरह संबोधित भी करते हैं. ऐसे में कंपनियां यह तय करना चाहती हैं कि उनके प्लेटफॉर्म पर किस तरह का व्यवहार स्वीकार किया जाएगा.

हालांकि, AI के साथ अच्छे व्यवहार की बात करना और यह दावा करना कि AI को इंसानों जैसी भावनाएं होती हैं, दो अलग बातें हैं. किसी कंपनी का अपने चैटबॉट के लिए व्यवहार के नियम बनाना यह साबित नहीं करता कि उस चैटबॉट को इंसान की तरह दर्द या अपमान महसूस होता है.

Advertisement

क्या AI से बदतमीजी करना गलत है?

इस सवाल का जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे किस नजरिए से देखते हैं. अगर बात सिर्फ AI की भावनाओं की है, तो अभी यह साबित नहीं है कि चैटबॉट को इंसान की तरह अपमान महसूस होता है. इसलिए उसे गाली देने की तुलना किसी इंसान को गाली देने से सीधे नहीं की जा सकती.

लेकिन दूसरी तरफ, यह भी सवाल है कि क्या AI से बात करते समय हमारी भाषा और आदतों का कोई महत्व नहीं है. मान लीजिए कोई व्यक्ति रोज अपने चैटबॉट से बेहद आक्रामक तरीके से बात करता है. क्या इससे उसके इंसानों के साथ व्यवहार पर भी असर पड़ सकता है? इसका जवाब अभी आसान नहीं है. यह कहना भी गलत होगा कि AI को गाली देने वाला हर व्यक्ति असल जिंदगी में भी दूसरों से बदतमीजी करता है.

यह भी पढ़ें: ‘AI कैंसर का इलाज खोज लेगा, इसी भरोसे में सिगरेट पीने लगे रिसर्चर्स’ Palantir CTO शंकर का बयान

फिर भी, भाषा की आदतें मायने रखती हैं. अगर आप AI से नाराज हैं, तो उसे साफ-साफ बता सकते हैं कि जवाब गलत है, जानकारी अधूरी है या उसे दोबारा जांचने की जरूरत है. गाली देने के बजाय निर्देश स्पष्ट करने से बातचीत काम की दिशा में आगे बढ़ सकती है.

Advertisement

AI से विनम्रता से बात करना जरूरी नहीं कि उसके लिए हो. यह आपके संवाद करने के तरीके का हिस्सा भी हो सकता है. वहीं, हर बार 'प्लीज' और 'थैंक यू' कहना भी जरूरी नहीं है. कई कामों में छोटा और स्पष्ट निर्देश ही काफी होता है.

क्या गाली देने से AI का जवाब खराब हो जाता है?

यह कहना सही नहीं होगा कि गाली देने पर हर AI जानबूझकर खराब जवाब देगा या विनम्र होने पर हर बार बेहतर जवाब देगा. AI का जवाब मॉडल, सवाल, दिए गए संदर्भ और निर्देशों पर निर्भर करता है. अलग-अलग रिसर्च में भाषा के लहजे का असर अलग पाया गया है. कुछ मामलों में विनम्र या विस्तार से दिए गए निर्देश जवाब के स्वरूप को बदल सकते हैं, लेकिन सिर्फ 'प्लीज' लिखने से जवाब सही होने की गारंटी नहीं मिलती.

इसलिए बेहतर तरीका है कि आप AI को बताएं कि उससे क्या चाहिए. अगर उसने गलती की है, तो गलती का हिस्सा दिखाकर सुधार मांगें. अगर जवाब में तथ्य गलत हैं, तो स्रोत मांगें या स्वतंत्र रूप से जांचें. AI के साथ बातचीत का मकसद सही जानकारी या उपयोगी काम हासिल करना है, न कि उसे इंसान की तरह खुश या नाराज करना.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement