scorecardresearch
 

फिर घुटनों पर आया पाकिस्तान, टीम इंडिया की FIH प्रो लीग में 7-1 से बड़ी जीत

पाकिस्तान ने मैच में बढ़त जरूर बनाई थी, लेकिन उसके बाद भारतीय हॉकी टीम ने ऐसा पलटवार किया कि विपक्षी खिलाड़ी मुंह ताकते रह गए. गोलों की बारिश कर भारत ने पाकिस्तान को एक और बार धूल चटाई. इस मैच में भारतीय टीम के लिए 7 खिलाड़ियों ने गोल दागे.

Advertisement
X
भारत ने पाकिस्तान को हॉकी में धो डाला. (Photo: Hockey India)
भारत ने पाकिस्तान को हॉकी में धो डाला. (Photo: Hockey India)

भारतीय हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. शुरुआती गोल से पिछड़ने के बावजूद भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए पाकिस्तान को 7-1 से रौंद डाला. 26 जून (शुक्रवार) को लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस हाईवोल्टेज मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने हर विभाग में पाकिस्तान को पूरी तरह मात दी.

यह जीत सिर्फ तीन अंक हासिल करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी को यह भी याद दिला दिया कि पिछले एक दशक से एशियाई हॉकी में उसका दबदबा क्यों कायम है. खास बात यह रही कि इंग्लैंड के खिलाफ शूटआउट में मिली हार के महज 24 घंटे बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए अपने फैन्स को जश्न मनाने का मौका दिया. भारतीय टीम के लिए सुखजीत सिंह (20वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (26वें मिनट), हार्दिक सिंह (34वें मिनट), जुगराज सिंह (35वें  मिनट), अभिषेक (41वें  मिनट), राज कुमार पाल (44वें  मिनट) और दिलप्रीत सिंह (54वें  मिनट) ने गोल दागे.

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए. हालांकि शुरुआती तीन पेनल्टी कॉर्नर गंवाने के बाद भारत को झटका लगा. 13वें मिनट में पाकिस्तान को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान अबू महमूद ने जोरदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. लेकिन पाकिस्तान की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी. दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपना असली रंग दिखाया. पेनल्टी कॉर्नर पर सुखजीत सिंह ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए बराबरी का गोल दाग दिया. इसके कुछ ही मिनट बाद हरमनप्रीत ने खुद पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी.

Advertisement

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने ऐसा तूफानी खेल दिखाया कि पाकिस्तान पूरी तरह बिखर गया. भारत ने लगातार चार गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया. पहले पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल हुआ, फिर पाकिस्तान के पेनल्टी कॉर्नर को नाकाम करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार काउंटर अटैक खेला, जिसका अंत जुगराज सिंह के गोल के साथ हुआ. इसके बाद अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट से गोल किया, जबकि राज कुमार पाल ने भी अपना नाम स्कोरशीट में दर्ज कराया. सिर्फ 15 मिनट के भीतर चार गोल खाकर पाकिस्तान की टीम पूरी तरह मैच से बाहर हो गई.

चौथे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक रवैया नहीं छोड़ा. 54वें मिनट में मंदीप सिंह ने बाएं फ्लैंक से शानदार मूव बनाया और दिलप्रीत सिंह को पास दिया, दिलप्रीत ने गेंद को बेहतरीन तरीके से नियंत्रित करते हुए गोल में पहुंचा दिया और स्कोर 7-1 कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने कुछ पेनल्टी कॉर्नर जरूर हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया.

पाकिस्तानी खिलाड़ी पहुंचा हॉस्पिटल
मैच के दौरान पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा जब डिफेंडर अहमद नदीम गेंद लगने से चोटिल हो गए. गेंद सीधे उनकी आंख के पास लगी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर अस्पताल ले जाना पड़ा. पाकिस्तान के कोच ख्वाजा मोहम्मद जुनैद ने बताया कि खिलाड़ी की स्थिति का एक्स-रे कराया जाएगा.

Advertisement

भारत प्रो लीग की अंकतालिका में 17 पॉइंट्स के साथ सातवें नंबर पर हैं. वहीं पाकिस्तान के लिए इस सीजन में पहली जीत का इंतजार और लंबा हो गया. भारत अब 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ अपने अंतिम प्रो लीग मुकाबले में उतरेगा. पाकिस्तान पर मिली यह ऐतिहासिक जीत ना सिर्फ टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगी, बल्कि यह संदेश भी देगी कि भारतीय हॉकी टीम बड़े मुकाबलों में दबाव झेलना और जोरदार वापसी करना अच्छी तरह जानती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement