अर्जेंटीना का फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सपना रविवार को टूट गया. स्पेन ने न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. इस बीच, फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में स्पेन के हाथों अर्जेंटीना की हार के बाद लियोनेल मेसी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने माना कि खिताब गंवाने का दर्द बहुत गहरा है, मेसी ने लगातार दूसरी बार फाइनल तक पहुंचने वाली अपनी टीम के सफर पर गर्व भी जताया.
हार के एक दिन बाद, मेसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इस हार के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि नतीजे को स्वीकार करने में समय लगेगा, साथ ही जोर दिया कि टीम की उपलब्धियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
मेसी ने लिखा, 'दर्द बहुत गहरा है और इस घाव को भरने में समय लगेगा. लेकिन मैं उन सभी अच्छी यादों को भी संजोकर रखूंगा, वे मैच जिन्हें हमने अपनी पूरी जान लगाकर पलटा, वे मैच जो हमेशा हमारी यादों में रहेंगे, पूरे देश का समर्थन जिसने इस ग्रुप की कड़ी मेहनत और कोशिशों के साथ मिलकर हमें एक बार फिर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल किया. आज हमने जो हासिल किया, उसकी पूरी तरह से सराहना करना मुश्किल है, लेकिन यह ग्रुप लगातार दो वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा है.'
इसके साथ ही मेसी ने स्पेन को बधाई भी दी. अर्जेंटीना के कप्तान ने पूरे टूर्नामेंट में टीम का समर्थन करने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया और ट्रॉफी जीतने पर स्पेन को बधाई भी दी.
मेसी ने आगे कहा, 'हर शुभकामना और हर मैसेज के लिए दिल से धन्यवाद. एक बार फिर, हम एक देश के तौर पर एकजुट हुए और साथ मिलकर अर्जेंटीना का नागरिक होने का गर्व महसूस किया. मैं चैंपियनशिप जीतने पर स्पेन को भी बधाई देना चाहता हूं.'