scorecardresearch
 

खुद गोल करने के चक्कर में रोनाल्डो ने बिगाड़ा पुर्तगाल का खेल? इस दिग्गज ने लाइव शो में खोली पोल

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए भले ही मुकाबला निराशाजनक रहा हो, लेकिन उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह पुरुष फुटबॉल इतिहास के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने छह फीफा वर्ल्ड कप खेले हैं. रोनाल्डो के अलावा लियोनेल मेसी ही ऐसा कर पाए हैं.

Advertisement
X
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का पहले मुकाबले में फीका प्रदर्शन... (Photo: Reuters)
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का पहले मुकाबले में फीका प्रदर्शन... (Photo: Reuters)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही. ग्रुप-के के अपने पहले मुकाबले में पुर्तगाल को कांगो ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. अब मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा टीम के कप्तान और स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हो रही है, जिन्हें उनके प्रदर्शन के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.

फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर थिएरी हेनरी ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के खेल पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह टीम के लिए मौके बनाने के बजाय खुद गोल करने की कोशिश में ज्यादा दिखाई दिए. नीरज हेनरी का मानना है कि रोनाल्डो की एक गलत मूवमेंट की वजह से पुर्तगाल आसान गोल करने का मौका गंवा बैठा. फॉक्स स्पोर्ट्स पर मैच के बाद विश्लेषण करते हुए हेनरी ने दूसरे हाफ की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें ब्रूनो फर्नांडीस के पास गोल करने का शानदार मौका था.

थिएरी हेनरी ने कहा, 'टीम को गोल की जरूरत थी, लेकिन ऐसा लगा कि रोनाल्डो खुद गोल करना चाहते थे. वह ब्रूनो फर्नांडीस के रास्ते में आ गए. अगर वह छह गज के बॉक्स की ओर दौड़ते तो डिफेंडर को उनका पीछा करना पड़ता और ब्रूनो के लिए आसान गोल का मौका बन जाता.'

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पोजिशनिंग ने कांगो के डिफेंडरों का काम आसान कर दिया और पुर्तगाल एक संभावित गोल से चूक गया. दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में गिने जाने वाले रोनाल्डो इस मुकाबले में पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए. पूरे मैच में उनके खाते में सिर्फ 25 टच आए और वह एक भी शॉट गोलपोस्ट के भीतर नहीं मार सके. 68वें और 73वें मिनट में उन्हें दो अच्छे मौके मिले, लेकिन दोनों प्रयास गोल से दूर निकल गए. हर मिस के बाद उनके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दे रही थी.

कांगो के खिलाड़ी ने भी की बड़ी टिप्पणी
मैच के बाद कांगो के मिडफील्डर न्गालयेल मुकाऊ ने भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि अब रोनाल्डो पहले जैसे खिलाड़ी नहीं रहे. मुकाऊ ने कहा, 'हम जानते थे कि रोनाल्डो अब पहले जैसे नहीं हैं. वह कम दौड़ते हैं और कम प्रयास करते हैं. इसलिए हमारा फोकस उन्हें रोकने पर था और हमारी डिफेंस ने शानदार काम किया.'

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह प्रदर्शन इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में कई बड़े सितारे चमके हैं. लियोनेल मेसी ने हैट्रिक लगाई, जबकि किलियन एम्बाप्पे, एरलिंग हालैंड, हैरी केन, विनीसियस जूनियर और क्रिश्चियन पुलिसिक भी गोल दागने में सफल रहे. ऐसे में रोनाल्डो का गोलरहित मुकाबला और पुर्तगाल का ड्रॉ रिजल्ट सुर्खियों में आ गया.

Advertisement

मैच के बाद रोनाल्डो मीडिया के सामने नहीं आए, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, 'यह शुरुआत वैसी नहीं थी जैसी हम चाहते थे, लेकिन सफर अभी खत्म नहीं हुआ है.' अब पुर्तगाल और उसके प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि अगले मुकाबलों में रोनाल्डो अपने पुराने अंदाज में लौटेंगे और टीम को जीत की राह पर ले जाएंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement