'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में अपनी सुरीली आवाज और बेमिसाल गायकी से पुराने सिंगर्स ने तहलका मचा रखा है. शो के धुरंधर सिंगर्स अपने सुरों से हर किसी का दिल जीत रहे हैं. अब बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने शो में गेस्ट के तौर पर एंट्री ली. कंटेस्टेंट्स के लाजवाब टैलेंट को देखकर वो भी हैरान रह गईं.
इंडियन आइडल में सिंगर्स ने मचाया धमाल
शिल्पा शेट्टी के सामने में 'इंडियन आइडल सीजन 10' के विनर सलमान अली और 'इंडियन आइडल 12' फेम मोहम्मद दानिश ने उनकी 'धड़कन' फिल्म का पॉपुलर गाना 'दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है' इतनी खूबसूरती से गाया कि हर कोई उनका मुरीद हो गया.
शिल्पा शेट्टी तो सलमान और दानिश की गायकी में पूरी तरह खो गईं. शिल्पा ने दोनों की जमकर तारीफ की. शिल्पा बोलीं- सिर्फ दुल्हन ही नहीं, सारे इंडिया वाले आपके दीवाने हो गए हैं. क्या आवाज पाई है आपने, बेहद शानदार. शो के जज हिमेश रेशमिया भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए.
शिल्पा संग दानिश का फ्लर्ट
मोहम्मद दानिश ने सिर्फ अपनी गायकी से ही नहीं, बल्कि अपनी शायरी से भी शिल्पा शेट्टी को इंप्रेस किया. दानिश शो में शिल्पा शेट्टी संग फ्लर्ट करते नजर आए.
दानिश ने शिल्पा के लिए शायरी बोली- मैं अगर शायर होता तो तेरा सेहरा कहता...चांद को चांद न कहता...तेरा चेहरा कहता. अपनी तारीफ सुनकर शिल्पा शेट्टी भी खुशी से झूमती नजर आईं.
कहना पड़ेगा मोहम्मद दानिश और सलमान अली ने अपनी म्यूजिकल जुगलबंदी से इंडियन आइडल के मंच पर रौनक लगा दी. दोनों की गायकी के फैंस भी दीवाने हो गए हैं. सोशल मीडिया पर उनके गाने के वीडियोज धड़ल्ले से वायरल हो रहे हैं.
बता दें कि 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' 17 अक्टूबर से शुरू हुआ है. शो में सलमान अली और मोहम्मद दानिश के अलावा भी कई पुराने सिंगर्स अपनी गायकी का जादू बिखेर रहे हैं.