MLC election results updates उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की कुल 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के लिए मतगणना की प्रक्रिया जारी है. एनडीए और विपक्षी गठबंधनों के बीच चले कड़े मुकाबले के बाद अब परिणाम सामने आने लगे हैं. उत्तर प्रदेश में जहां भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, वहीं बिहार में चार एमएलसी सीटोंके नतीजे आ गए हैं जिसमें एनडीए 2 और जनसुराज-आरजेडी एक-एक सीट जीत चुके हैं. वहीं बिहार में स्नातक स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है.
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के नतीजों में बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. डॉ. ढिल्लों ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के हाजी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के भारी अंतर से पराजित किया.
बिहार MLC चुनाव: 4 शिक्षक सीटों के नतीजे आए, BJP को 2 पर जीत, RJD और जन सुराज का भी खुला खाता
बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. पटना शिक्षक सीट से RJD के डॉ. संजीव (1057 वोट) और तिरहुत से BJP के नरेन्द्र सिंह (600 वोट) चुनाव जीत गए हैं. सारण सीट पर BJP के बागी निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोटों से बाजी मारी, वहीं दरभंगा में 'जन सुराज' के सुरेश प्रसाद राय विजयी रहे. बाकी 4 स्नातक सीटों पर बैलेट वोटों की गिनती के कारण अंतिम नतीजों का इंतजार जारी है. पटना स्नातक सीट से JDU के नीरज कुमार बढ़त के बाद अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं.
लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार उमेश द्विवेदी आखिरी राउंड की मतगणना के बाद लगभग 5,000 मतों की मजबूत बढ़त बनाकर जीत के मुहाने पर खड़े हैं. इस मुकाबले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुशील कुमार काफी पिछड़ चुके हैं, जिससे उमेश द्विवेदी की जीत लगभग तय मानी जा रही है. दूसरी ओर, इसी क्षेत्र के लखनऊ खंड स्नातक सीट के लिए मतपत्रों की गिनती का सिलसिला अभी जारी है.
बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर जारी मतगणना के बीच राजधानी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता नीरज कुमार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं अनंत सिंह ने जन सुराज के जिस उम्मीदवार अनुज कुमार सिंहका समर्थन किया था वो पीछे चल रहे हैं. कोसी स्नातक सीट से भाजपा के एनके यादव और दरभंगा स्नातक सीट से बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं. तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने बढ़त बनाई है.