टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने वनडे टीम में युवा खिलाड़ियों को नियमित मौका नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं. उनका मानना है कि वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को 50 ओवर्स के क्रिकेट में लगातार मौका नहीं देना उनकी क्षमता के साथ अन्याय है.
युवराज सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि वह अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशळी को ओडीआई क्रिकेट खेलते देखना चाहेंगे. उन्होंने कहा, 'अगर हम ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को वनडे क्रिकेट में नहीं चुन रहे हैं, तो कहीं ना कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं.'
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने यह भी स्वीकार किया कि भारतीय टीम में पहले से कई शानदार खिलाड़ी मौजूद हैं और ऐसे में किसी नए खिलाड़ी के लिए जगह बनाना आसान नहीं होता. हालांकि, युवराज सिंह का मानना है कि इन युवा बल्लेबाजों के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें जल्द ही वनडे टीम में मौका मिलना चाहिए.
युवराज सिंह ने कहा, 'मैं समझता हूं कि हमारे पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके बीच जगह बनाना मुश्किल है. लेकिन जिस तरह से ये खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं, उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा.'
युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा की उपलब्धियों का श्रेय उनकी मेहनत को दिया. युवराज कहते हैं, 'अभिषेक ने जो कुछ हासिल किया है, वह उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है और इसका पूरा श्रेय उन्हें मिलना चाहिए.'
युवराज सिंह के इस बयान ने एक बार फिर भारत की वनडे टीम में युवा खिलाड़ियों के चयन और उन्हें मिलने वाले मौकों को लेकर चर्चा तेज कर दी है.