scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: म्यांमार और फिलीपींस के वीडियो अरुणाचल प्रदेश में ‘चीनी घुसपैठ’ के नाम पर वायरल

सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो के जरिये दावा किया जा रहा है कि चीनी सेना अरुणाचल प्रदेश के अंदर घुस गई. लेकिन दोनों वीडियो न तो हाल-फिलहाल के हैं, और न ही भारत-चीन सीमा विवाद से संबंधित हैं. सैनिकों के बीच झड़प का ये वीडियो म्यांमार का है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना की घुसपैठ को दिखाते हैं.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये दोनों वीडियो भारत-चीन सीमा विवाद से संबंधित नहीं हैं. पहला वीडियो म्यांमार और दूसरा फिलीपींस का है.

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डायरेक्टर जनरल शत्रुजीत कपूर ने 22 अक्टूबर को बताया था कि अरुणाचल प्रदेश में कई बार ऐसा हुआ जब चीन और भारत के सैनिक आमने-सामने आ गए थे. उनके इस बयान के बाद सियासी बयानबाजियां भी हुईं.

इसी के मध्यनजर सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो के जरिये दावा किया जा रहा है कि चीनी सेना अरुणाचल प्रदेश के अंदर घुस गई. लेकिन दोनों वीडियो न तो हाल-फिलहाल के हैं, और न ही भारत-चीन सीमा विवाद से संबंधित हैं. सैनिकों के बीच झड़प का ये वीडियो म्यांमार का है.

इस वीडियो में सैनिकों के दो अलग-अलग ग्रुप्स के बीच झड़प देखी जा सकती है. दोनों ग्रुप्स के बीच एक दीवार पर लगे लाल रंग के पोस्टर को लेकर झगड़ा हो जाता है.

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये ‘r/myanmar’ नाम के एक रेडिट अकाउंट पर मिला. यहां इसे 11 सितंबर, 2024 को पोस्ट किया गया था. यानी साफ है कि ये हाल-फिलहाल का वीडियो नहीं है.

म्यांमार के न्यूज आउटलेट ‘पीपल स्प्रिंग’ ने भी 11 सितंबर, 2024 को इस वीडियो का स्क्रीनशॉट अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया था. इसके मुताबिक, ये वीडियो म्यांमार के शान राज्य में म्यांमार नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस आर्मी (MNDAA) और वहां के विद्रोही ग्रुप कचिन इंडिपेंडेंस आर्मी (KIA) के बीच हुई झड़प का है.

Advertisement

सड़क पर मार्च करते ये सैनिक फिलीपींस के हैं

इस वीडियो में सेना की यूनिफॉर्म में कुछ लोग सड़क पर मार्च करते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो को गौर से देखने पर एक जवान के हेलमेट पर फिलीपींस के जैसा दिखने वाले एक झंडा दिखाई देता है.

रिवर्स सर्च करने पर हमें ये वीडियो फिलीपींस स्थित एक फेसबुक अकाउंट के 25 अक्टूबर के पोस्ट में मिला. इस वीडियो के साथ कोई कैप्शन नहीं था, लेकिन इसी अकाउंट ने 27 अक्टूबर को वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक और वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो के कैप्शन में "OPBL XII METROPOLIS" और "AIRSOFT" जैसे हैशटैग का इस्तेमाल किया गया था.

इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें 28 अक्टूबर का एक और फेसबुक पोस्ट मिला. इस पोस्ट में 'OPBL XII METROPOLIS' के बारे में विस्तार से बताया गया है. पोस्ट के अनुसार, फिलीपींस के कैविटे प्रांत के मरीन बेस कैंप ग्रेगोरियो लिम में 24 से 25 अक्टूबर, 2026 के दौरान “Operation Bukang Liwayway 12: METROPOLIS” (OPBL XII METROPOLIS) का आयोजन किया गया था. इस आयोजन में फिलीपींस के आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था.

इसके अलावा, NCRC (नेशनल कैपिटल रीजन कमांड) के फेसबुक अकाउंट पर भी 26 अक्टूबर को एक पोस्ट शेयर किया गया था, जिसमें 'ओपीबीएल 12' के तहत आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास की तस्वीरें शामिल थीं. NCRC, फिलीपींस के सशस्त्र बल की एक क्षेत्रीय कमान है. साफ है कि ये वीडियो फिलीपींस का है.

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement