बिहार के मुजफ्फरपुर में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला हत्याकांड सामने आया है. यहां 29 वर्षीय किसलय की हत्या उसके दोस्तों ने ही कर दी थी. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रेवा नदी में फेंक दिया. 5 सितंबर से लापता किसलय की हत्या का राज करीब 55 दिन बाद खुला है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुकूल कुमार के रूप में हुई है. उसे पारू थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है. पुलिस को शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पैसे के लेनदेन और आपसी विवाद की आशंका है. 30 अक्तूबर शुक्रवार को हुई इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 435 किलो स्मैक के साथ दो भाई गिरफ्तार, घर से हो रही थी नशे की सप्लाई
दरअसल, अहियापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला किसलय 5 सितंबर को अचानक लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती पड़ताल में कलमबाग चौक और गन्नीपुर स्थित एक लॉज में किसलय का कुछ लोगों के साथ विवाद होने की जानकारी मिली.
दोस्तों ने ही रची हत्या की साजिश, रेवा नदी में फेंका शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई. इस टीम का गठन सिटी एसपी के पर्यवेक्षण और एसडीपीओ टाउन-2 के नेतृत्व में किया गया. पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छानबीन आगे बढ़ाई.
अनुसंधान के दौरान पुलिस के सामने आया कि किसलय की हत्या उसके दोस्तों ने ही की थी. पुलिस का दावा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसका शव रेवा नदी में फेंक दिया. जांच में पैसे के लेनदेन और आपसी विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है.
करीब 55 दिनों तक चली जांच के बाद पुलिस ने 30 अक्टूबर को पारू थाना क्षेत्र से अनुकूल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने गिरफ्तारी की जानकारी दी है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके.
बाकी आरोपियों की तलाश, किसलय की मोटरसाइकिल भी गायब
पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इसके साथ ही किसलय की मोटरसाइकिल की भी तलाश की जा रही है. जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हैं.
फिलहाल, इस मामले में कई सवाल बाकी हैं. किसलय की हत्या में शामिल अन्य आरोपी कौन हैं? हत्या को किस तरह अंजाम दिया गया और उसका शव आखिर कहां है? पुलिस का दावा है कि शव को रेवा नदी में फेंका गया था, लेकिन उसकी बरामदगी को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.